Untitled 7 copy 2 https://jaivardhannews.com/a-lot-of-allegations-and-counter-allegations-in-the-general-meeting/

देवगढ़ नगर पालिका देवगढ़ की साधारण सभा तीन वर्ष बाद पालिका के सभाभवन में पालिकाध्यक्ष शोभालाल रेगर की अध्यक्षता एवं इओ दीपिका वीरवाल की मौजूदगी में बुधवार को हुई। इसमें बजट वर्ष 2024-25 के लिए 97 करोड़ 50 लाख रुपए का बजट पारित किया गया। वहीं, स्टेडियम का नाम बदले जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई।

सर्वप्रथम पालिकाध्यक्ष ने बजट वर्ष 2024-25 के लिए 97 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रस्तावित बजट अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया। इसको लेकर पार्षद नरेश पानेरी ने कहा कि इस वर्ष का बजट तो प्रस्तावित ठीक है, लेकिन पिछले बजट वर्ष में कितनी आय एवं व्यय हुआ उसका लेखा-जोखा सदन में रखा जाए। इस पर पालिकाध्यक्ष रेगर ने कहा कि पिछले वर्ष 57,40 करोड़ का बजट पारित हुआ था, जिसमें 10 करोड़ 50 लाख रुपए की आय हुई और 12 करोड़ 93 लाख रुपए खर्च हुए थे। इस पर पार्षद पानेरी ने कहा कि इस वर्ष का जो बजट रखा गया है उसके अनुसार पालिका की आय किस तरह बढ़ाएंगे। इस पर पालिका अध्यक्ष ने विभिन्न मदों से होने वाली आय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके बाद सर्वसम्मति से इस वर्ष का प्रस्तावित बजट सदन में पारित किया गया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष नारायन सिंह सोलंकी ने कहा कि नियमों के आधार पर पिछली बार जो बैठक स्थगित हुई थी उसके बिंदु इस बार की बैठक में शामिल करने चाहिए थे, जो कि नहीं किए गए। इसके बाद सोलंकी ने कहा कि राजीव गांधी स्टेडियम का नाम बिना बोर्ड की स्वीकृति के श्री करणी माता स्टेडियम पर रखे जाने पर आपत्ति जताई। इस पर पालिका उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि ये जनभावना एवं नियमों के अनुसार परिवर्तित किया गया है एवं श्री करणी माता की जय घोष करा दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुईए जिसमे पालिकाध्यक्ष व सत्ता पक्ष के पार्षद भी बहस करने लगे। इसके बाद पार्षद हंसराज कंसारा एवं पालिकाध्यक्ष ने मामले को शांत करवाया। इसके बाद बैठक एजेंडे में दूसरे बिंदु पालिका अधिनियम 2009 की धारा 339 के अन्तर्गत नगर पालिका देवगढ प्रशासन संचालन सम्बन्धी नियम स्वीकृति एवं पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों पर चर्चा कर उसे पारित किया गया। नगर के सौन्दर्यीकरण करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के बाद सभी ने दाल-बाटी- चूरमे का स्वाद लिया।

इस दौरान पार्षद जसवंत सिंह, दिनेश जीनगर, अर्जुन गुर्जर, सविता गवारिया, गनी देवी, हंसराज कंसारा, तोलाराम खटीक, रतनसिंह बल्ला, आरती कच्छावा, दिव्या रेगर, हरीश पोखरना, आशा सेन, राजेश मेवाडा, धर्मेन्द्र वेद, मोहम्मद, आमना बानू, सुनीता धाभाई, अनमोल उपाध्याय एवं राजेंन्द्र कंसारा मौजूद थे।

पार्षदों ने उठाए ये मुद्दे

Untitled 8 copy 1 https://jaivardhannews.com/a-lot-of-allegations-and-counter-allegations-in-the-general-meeting/

पालिका उपाध्यक्ष प्रदीपसिंह ने कहा कि स्टेडियम का नाम जोधपुरी पत्थरों में लिखवाकर अच्छी लाइटिंग करवानी चाहिए। वहीं सूरज दरवाजा के पास पालिका की किराए की दुकानें हैं, जिन्हें तोड़कर डबल मंजिल की दुकानें बनाई जाए। नेता प्रतिपक्ष सोलंकी ने नगर के प्रवेश द्वार की सभी सड़कों एवं सभी गार्डन के सौंदर्यीकरण के लिए आग्रह किया। इस पर अध्यक्ष ने सहमति जताई। पार्षद नरेश पानेरी ने वर्ष 2008 से लंबित सुभाष नगर आवासीय योजना एवं रोडवेज बस स्टैण्ड पर स्थित कियोस्क दुकानें केबिन धारियों को देने की प्रक्रिया तीस दिन में पूरी करने के लिए कहा, जिस पर अध्यक्ष ने दोनों बिन्दुओ पर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद पानेरी ने सौंदर्यीकरण को लेकर उठाए मुद्दे में करणी माता मैदान स्थित तलाई में पूर्व बोर्ड द्वारा जो निर्माण भराव क्षमता में किया, उसे हटाने की मांग की, जिस पर सदन ने सहमति व्यक्त की। पार्षद आरती कच्छावा ने कहा कि रोडवेज बस स्टैण्ड पर यात्रियों के लिए कोई सुविधा नहीं है। साथ ही चोरियों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ प्राइवेट बस स्टैण्ड के समीप शराब एवं मांस की दुकानों को हटाने का मुद्दा उठाया। पार्षद फारुख मोहम्मद ने कहा कि रोडलाइट दिन मे भी जलती है, जिनके लिए टाइमर लगाया जाए ताकि बिजली की बचत हो। साथ ही ठेकेदारों के कार्यो की गुणवत्ता एवं बिल पास करवाने में तकनीकी गड़बड़ियों को सदन के समक्ष रखा। पार्षद अनमोल उपाध्याय ने गरीब बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू करवाने एवं शाम के समय वार्डों से कचरा संग्रहण की गाड़िया भेजनें का मुद्दा उठाया। पार्षद अर्जुन गुर्जर ने राघव सागर तालाब एवं संग्राम सागर तालाब की सफाई की बात कही। पार्षद हंसराज कंसारा ने कहा कि मौजूदा समय मे नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। मुख्य मार्गों के डिवाइडर की जालियां टूट गई है। साथ ही लसानी चौराहे तक रोडलाइट लगाई जाए। पार्षद राजेश मेवाड़ा ने कहा कि सभी पार्षदों को भी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।

बजट वर्ष 2024-25

नगर पालिका देवगढ़ में वर्ष 2024 -25 के लिए 97 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रस्तावित बजट तैयार किया गया है। इसमें आय मद में चुंगी क्षतिपुर्ति 3 करोड़ 96 लाखए राज्य सरकार से अनुदान 4 करोड़ 50 लाख, केन्द्र सरकार से अनुदान 4 करोड़ 50 लाख, भूमि विक्रय 50 करोड़, भूमि नियमन 2 करोड़, किराया 22 लाख, मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2 करोड़ डीएमएफटी से 11 करोड़ व अन्य आय से 97 करोड़ 50 लाख रुपए की आय सम्मिलित है। इसी तरह व्यय मद में सामान्य प्रशासन 10 करोड़, सफाई 6 करोड़ 50 लाख, बिजली 3 करोड़, एवं सड़क निर्माण 20 करोड़, नाली निर्माण 3 करोड़, ऑडिटोरियम निर्माण 5 करोड़, नगर में सोन्दर्यीकरण 5 करोड़, स्मृतिवन निर्माण 2 करोड़, महिला स्मृति केन्द्र 2 करोड़, छात्र-छात्राओं के लिए कॅरियर गाइडेन्स केन्द्र पुस्तकालय निर्माण 3 करोड़, देवगढ विरासत एवं गौरव केन्द्र 5 करोड़, वीर भूमि बलिदान स्मारक 2 करोड़, नए खेल ग्राउण्ड 1 करोड़, दुकान/कियोस्क निर्माण 3 करोड़ एवं अन्य विकास कार्य को सम्मिलित करते हुए 97 करोड़ रुपए का व्यय का प्रावधान बजट में रखा गया है।

वार्डों में होंगे कार्य

तोलाराम पार्षद राजेश मेवाड़ा एवं नरेश पानेरी ने विकास कार्यों की चर्चा के दौरान प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य के लिए पार्षद की अनुशंसा से बीस लाख रुपए के विकास करवाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सदन में चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया।

सिर पकडकर बैठ गया एक पार्षद

स्टेडियम का नाम बदलने के मुद्दे को लेकर नेताप्रतिपक्ष एवं सत्ता पक्ष के बिच चल रही बहस के दौरान पार्षद हंसराज कंसारा की बात नहीं सुनने पर वे सिर पकड़कर कर बैठ गये फिर उन्होंने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया।

भाजपा पार्षदों ने उठाया अतिक्रमण का मुद्दा

उपाध्यक्ष प्रदीपसिंह चौहान, पार्षद अर्जुन गुर्जर, राजेंद कंसारा, सविता गवारिया ने नगर में हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाया, जिसमे अलग से कर्मचारी नियुक्त कर सभी अतिक्रमियों को चिन्हित कर हटाने का सर्वसम्मति से निर्णय किया गया।