
Bagheri Naka Dam Overflow : प्रदेश के साथ राजसमंद जिले में भी रिमझिम से झमाझम बारिश का दौर जारी है। इसके चलते उदयपुर संभाग का प्रमुख बाघेरी नाका बांध लबालब होकर छलक गया, जबकि भीम रपट व कुंठवा पिकअप वियर भी लबालब है। अन्य तालाब- बांधों भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है। बाघेरी बांध छलकने के साथ ही पिकनिक के लिए सैकड़ों की तादाद में लोग उसे देखने के लिए आने लगे हैं, मगर सुरक्षा व्यवस्था को मध्यनजर पुलिस तैनात कर दी और पाल की तरफ लोगों की आवाजाही पर रोक है। जिले में सर्वाधिक बारिश कुंवारिया तहसील क्षेत्र में 24 एमएम दर्ज की, जबकि गढ़बोर व देवगढ़ तहसील क्षेत्र शुष्क रहा।
जल संसाधन विभाग के कनिष्ठ अभियंता राकेश भट्ट ने बताया कि 32.80 फीट भराव क्षमता वाला बाघेरी नाका लबालब होने के बाद अभी 5 इंच की चादर चल रही है। इसके अलावा नाथद्वारा के पास कुंठवा पिकअप वियर और भीम रपट तालाब भी ओवरफ्लो है, जबकि अन्य तालाब बांधों में अभी पानी की आवक जारी है। बाघेरी बांध छलकने के साथ ही अब बनास नदी में पानी चल पड़ाद्य। नन्दसमंद भरने के बाद यह पानी राजसमंद झील को भरने के लिए खारी फीडर में पानी छोड़ा जाएगा।
बाघेरी नाका अब तक 18 बार छलका
Rainfall in Rajsamand : पिकनिकअप स्पाॅट के लिए फेमस बाघेरी नाका बांध वर्ष 2006 में बनकर तैयार हुआ, उसी वर्ष छलक गया था। उसके बाद 2007 में छलका, लेकिन दो साल कमजोर मानसून के चलते 2008 व 2009 में ओवरफ्लो नहीं हुआ। 2011 से 2025 तक लगातार बाघेरी ओवरफ्लो ओवरफ्लो हो रहा है। पिछले डेढ़ दशक की स्थिति देखी जाए, तो वर्ष 2010 में 27 जुलाई को छलका। इसी तरह 17 अगस्त 2011, 29 अगस्त 2012, 18 अगस्त 2013, 27 अगस्त 2014 को, 27 जुलाई 2015, 18 जुलाई 2016, 22 जुलाई 2017, 29 जुलाई 2018, 16 अगस्त 2019 व 24 अगस्त 2020 और 4 अक्टूबर 2021 को छलका था, 2022 में 28 जुलाई को, 2023 को 18 जून और 2024 में 15 अगस्त को छलका था और इस बार 6 जुलाई 2025 को छलका है और अब 5 इंच की चादर चल रही है।
आज कहां, कितनी बारिश
Rajsamand heavy rain alert today : राजसमंद शहर के साथ जिलेभर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कुंवारिया तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 24 एमएम बारिश हुई, जबकि रेलमगरा में 17 एमएम, राजसमंद में 10 एमएम, लावासरदारगढ़ में 3 एमएम, बारिश दर्ज की गई। इसी तरह भीम, आमेट, कुंभलगढ़, गिलूंड में 1-1 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा गढ़बोर, देवगढ़ तहसील क्षेत्र में मौसम शुष्क रहा। हालांकि आसमान में दिनभर बादल छाए रहे।



