BJP congress ticket https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/

राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर अब भाजपा द्वारा दूसरी सूची में 83 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए, जबकि कुछ देर बाद कांग्रेस द्वारा भी 33 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अब तक भाजपा व कांग्रेस द्वारा प्रमुख दिग्गज नेता अशोक गहलोत, सचिन पायलट, वसुंधरा राजे, राजेंद्र राठौड़, डॉ. सीपी जोशी, गोविंदसिंह डोटासरा के नाम घोषित कर दिए हैं। इस सूची में भाजपा द्वारा उदयपुर पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराजसिंह मेवाड़ को नाथद्वारा का प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, जिनका मुकाबला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से होगा। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदलकर चुरू की बजाय तारानगर से टिकट दिया है। उल्लेखनीय है कि बीजेपी ने 9 अक्टूबर को 41 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे।

BJP Ticket list 01 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/
BJP Ticket list 02 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/
BJP Ticket list 03 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/
BJP Ticket list 04 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/
BJP Ticket list 05 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/
BJP Ticket list 06 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/

वसुंधरा के चहेते 10 विधायकों का रखा ख्याल

वसुंधरा राजे के चहेते दस विधायकों का भाजपा ने ख्याल रखते हुए टिकट दिया है। मालवीय नगर से कालीचरण सराफ, कोटा के छबड़ा से प्रताप सिंह सिंघवी, संगरिया से गुरदीप सिंह शाहपीणी, निंबाहेड़ा से श्रीचंद कृपलानी, नौहर से अभिषेक मटोरिया, डग से कालूलाल मेघवाल, खानपुर से नरेंद्र नागर, मनोहरथाना से गोविंद रानीपुरिया, नीमकाथाना से प्रेम सिंह बाजौर, बगरू से कैलाश चंद वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

आक्या का टिकट काट राजवी को दिया

भाजपा द्वारा जयपुर की विद्याधर नगर सीट से विधायक नरपत सिंह राजवी का टिकट पहली सूची में काटा और अब दूसरी सूची में उन्हें चित्तौड़गढ़ विधानसभा से टिकट दिया है। इससे अब चित्तौड़गढ़ के मौजूदा विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या का टिकट काटा गया है। आपको बता दें कि राजसमंद सांसद दीया कुमारी को विद्याधर नगर से टिकट दिया था। इसलिए राजवी का टिकट कटा था।

इस बार भाजपा ने कई पूर्व मंत्रियाें को टिकट

भाजपा द्वारा इस बार कई पूर्व मंत्रियों को भी टिकट दिया है। इनमें प्रताप सिंह सिंघवी, श्रीचंद कृपलानी, नरपत सिंह राजवी, ओटाराम देवासी, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, कालीचरण सर्राफ, राजेंद्र राठौड़, सुरेन्द्रसिंह राठौड़ सहित कई पूर्व मंत्री शामिल हैं, जिन्हें फिर से टिकट दिया गया है।

दूसरी सूची में कट गए 8 विधायकों के टिकट

बीजेपी ने दूसरी सूची में आठ विधायकों के टिकट काटे है। इसमें सूरसागर से सूर्यकांता व्यास, सांगानेर से अशोक लाहोटी, चित्तौड़गढ़ से चंद्रभान सिंह आक्या, सूरजगढ़ से सुभाष पूनिया, नागौर से मोहन राम चौधरी, मकराना से रूपाराम और बड़ी सादड़ी से ललित कुमार ओस्तवाल, घाटोल से हरेंद्र नीनामा शामिल हैं। ऐसे में इन विधायकों के समर्थक विरोध में उतर आए हैं। इसके अलावा भाजपा की दूसरी सूची में 51 मौजूदा विधायकाें को टिकट दिया है। साथ ही इस सूची में 27 सीटें ऐसी हैं, जिन पर 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा हार गई थी।

वृद्ध नेताओं पर बीजेपी का भरोसा

भाजपा ने इस बार कई उम्रदराज नेताओं पर फिर से भरोसा जताया है। दूसरी लिस्ट में 70 साल से ज्यादा उम्र के 3 प्रत्याशियों को टिकट दिए गए हैं। कालीचरण सराफ, वासुदेव देवनानी और नरपत सिंह राजवी की उम्र 70 साल से ज्यादा और वसुंधरा राजे व अशोक डोगरा की उम्र 70 साल है।

कांग्रेस की पहली सूची में 33 प्रत्याशी घोषित

कांग्रेस द्वारा भी भाजपा की दूसरी सूची के कुछ ही देर बाद पहली सूची जारी की गई। सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट, डॉ. सीपी जोशी सहित 33 नाम घोषित किए हैं। गहलोत फिर जोधपुर जिले के सरदारपुरा, पायलट टोंक और सीपी जोशी नाथद्वारा से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने 27% महिलाओं को टिकट दिया है। 167 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा अभी शेष है। पहली सूची में सचिन पायलट खेमे से 5 टिकट प्रत्याशियों को टिकट मिले हैं। खुद सचिन पायलट के साथ विराटनगर से इंद्राज सिंह गुर्जर, लाडनूं से मुकेश भाकर, परबतसर से रामनिवास गावड़िया को टिकट मिला है। पूर्व विधायक विवेक धाकड़ को मांडलगढ़ से प्रत्याशी बनाया गया है।

Congress ticket list 2023 https://jaivardhannews.com/bjp-released-the-second-list-of-candidates-and-congress-released-the-first-list/

कांग्रेस की सूची में भी है उम्रदराज नेता

कांग्रेस के 33 उम्मीदवारों में से सीएम अशोक गहलोत और स्पीकर सीपी जोशी ऐसे नेता हैं, जिनकी उम्र 70 साल से ज्यादा है। गहलोत की उम्र 72 साल और सीपी जेाशी की उम्र 73 साल है। 33 में से दानिश अबरार एकमात्र मुस्लिम चेहरा हैं। दानिश को सवाईमाधोपुर से टिकट दिया है। अब दूसरी सूची कब जारी होती है, यह देखने वाली बात होगी। फिलहाल हाईकमान द्वारा पहली सूची का फीडबैक लेते हुए दूसरी सूची जारी की जाएगी।

चुनाव हारे हुए नेताओं को फिर दिया टिकट

कांग्रेस द्वारा इस बार तीन बार चुनाव हारे हुए प्रत्याश हारे हुए उम्मीदवारों को फिर से टिकट दिया है। कुशलगढ़ से बागी चुनाव लड़कर निर्दलीय जीती रमिला खड़िया को टिकट दिया है। रमिला के पति हुर्तिंग खड़िया पहले कांग्रेस उम्मीदवार रहे थे। मालवीय नगर से अर्चना शर्मा, सांगानेर से पुष्पेंद्र भारद्वाज और मांडलगढ़ से विवेक धाकड़ पिछला चुनाव हार गए थे, इन्हें फिर से मौका दिया है। अलवर के मुंडावर से ​ पिछला चुनाव बसपा से लड़े ललित कुमार यादव को टिकट दिया है। यह सीट कांग्रेस ने पिछली बार गठबंधन के तहत एलजेपी को दी थी। इस सीट पर बीजेपी जीती थी और ललित यादव बसपा से दूसरे नंबर पर रहे थे।

उपचुनाव जीतने वालों को फिर से मौका

राजस्थान में उप चुनाव जीतने वाले विधायकों को कांग्रेस द्वारा फिर से टिकट दिया है। इसमें मंडावा से रीटा चौधरी, सुजानगढ़ से मनोज मेघवाल, वल्लभनगर से प्रीति गजेंद्र शक्तावत को टिकट दिया गया है।

पहली सूची में कई मंत्रियों के भी नाम

कांग्रेस की पहली टिकट सूची में सीएम गहलोत के साथ प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सीपी जोशी, सचिन पायलट के अलाव कई मंत्रियों के भी नाम है। खासतौर से महेंद्रजीत सिंह मालवीय, ममता भूपेश, भंवर सिंह भाटी, टीकाराम जूली, अशोक चांदना को पहली सूची में टिकट मिला है।

कांग्रेस ने राजस्थान में 9 महिलाओं को दिया टिकट

इस बार कांग्रेस द्वारा पहली सूची में 9 महिलाओं को टिकट दिया है। इसमें सिकराय से ममता भूपेश, ओसियां से दिव्या मदेरणा, सादुलपुर से कृष्णा पूनिया, मंडावा से रीटा चौधरी, मालवीय नगर से अर्चना शर्मा, जायल से मंजू मेघवाल, वल्लभनगर से प्रीति शक्तावत, जोधपुर से मनीषा पंवार, कुशलगढ़ से रमिला खड़िया शामिल हैं। इस तरह कांग्रेस ने महिलाओं को तव्वजो देने का संदेश दिया है।

नाथद्वारा में सीपी जोशी के सामने महाराणा प्रताप के वंशज

कांग्रेस के दिग्गज नेता व नाथद्वारा डॉ. सीपी जोशी के सामने इस बार भाजपा ने महाराणा प्रताप के वंशज व उदयपुर पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराजसिंह मेवाड़ को प्रत्याशी बनाया है। नाथद्वारा विधानसभा में ज्यादातर राजपूत वोटर, आदिवासी समाज भी है। ऐसे में महाराणा प्रताप के वंशज होने का फायदा भाजपा देख रही है। सीपी जोशी को इसी सीट पर वर्ष 2008 में उनके ही सियासी शिष्य कल्याण सिंह चौहान से एक वोट से हराया था। 2018 में सीपी जोशी जीतकर विधानसभा अध्यक्ष बने। ऐसे में नाथद्वारा का मुकाबला इस बार बड़ा ही रोचक होने वाला है।

किरोड़ी ने जहां से की राजनीति की शुरुआत, वहां मिला टिकट

सवाईमाधोपुर से भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोड़ीलाल मीणा और कांग्रेस उम्मीदवार दानिश अबरार के बीच रोचक मुकाबला है। कांग्रेस ने सीएम सलाहकार दानिश को फिर से मौका दिया है। बताते हैं कि किरोड़ीलाल मीणा का राजनीतिक कॅरियर इसी सीट से शुरू हुआ था और इसीलिए इनकी पुरानी पकड़ मानते हुए मैदान में उतारा है। दिग्गज नेताओं का मुकाबला भी रोचक रहेगा।

मालवीय नगर में एक बार भी नहीं जीती कांग्रेस

जयपुर की मालवीय नगर सीट से पर अब तक एक भी बार कांग्रेस जीत नहीं पाई। 2008 से लेकर अब तक बीजेपी विधायक कालीचरण सर्राफ ही जीतते रहे। इस सीट पर तीसरी बार अर्चना शर्मा व कालीचरण आमने सामने हैं। अर्चना शर्मा ने 2013 और 2018 में भी कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई। 2018 में कड़े मुकाबले में अर्चना करीब 1500 वोटों के अंतर से हारीं और इस बार फिर उसे मैदान में उतारा है।