Jaivardhan News

झारखंड में अब चंपई सोरेन आज लेंगे CM की शपथ, दो डिप्टी सीएम भी संभव, हेमंत सोरेन जेल में

CM Campai Soren https://jaivardhannews.com/champai-soren-becomes-jharkhand-cm/

झारखंड में हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने व ईडी की गिरफ्तारी के बाद जेल जाने के बाद राज्यपाल ने चंपई सोरेन को सरकार बनाने का न्यौता भेजा। इसके तहत शुक्रवार दोपहर सवा 12 बजे चंपई सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और महागठबंधन से जुड़े दलों के दो नेता भी शपथ लेंगे, जिन्हें डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा है। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से दो बार मुलाकात के बाद सरकार बनाने का न्यौता मिला। झारखंड में अब तक 23 वर्ष में 11 बार मुख्यमंत्री बदले हैं। अर्जुन मुंडा व शिबू सोरेन 3-3 बार सीएम बने, जबकि रघुवरदास एकमात्र ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। इसके अलावा कोई भी सीएम 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया। चर्चा है कि चंपई सोरेन के साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम व राजद के सत्यानन्द भोक्ता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिन्हें सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। हालांकि सरकार को 10 दिन में बहुमत साबित करना होगा।

मुख्यमत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफा देने के करीब 26 घंटे के बाद गुरुवार रात करीब 11 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन और आलमगीर आलम को राजभवन बुलाया और सरकार बनाने का न्यौता दिया। साथ ही चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री मनोनीत कर दिया। रात 11.15 बजे दोनों नेता राजभवन से बाहर आए। बताया कि शुक्रवार दोपहर 12.15 मुख्यमंत्री सहित दो मंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भी कहा कि चंपई सोरेन के साथ दो मंत्रियों को शपथ दिलाने का कार्यक्रम तय किया है। महागठबंधन के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल गुरुवार शाम राजभवन से निकले और सभी विधायक सर्किट हाउस पहुंचे। यहां से हैदराबाद जाने के लिए रांची एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन घने कोहरे की वजह से विमान नहीं उड़ सका।

पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की नहीं मिली रिमांड

ED को झारखंड पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई। कोर्ट ने ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है। रिमांड पर लेने पर कोर्ट शुक्रवार को निर्णय ले सकता है। एडवोकेट कपिल सिब्बल ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर भी शुक्रवार को सुनवाई होगी। 3 जजों की स्पेशल बेंच हेमंत सोरेन की याचिका पर सुनवाई करेगी। बीजेपी ने भी विधायक दल की बैठक बुलाई है।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हुए हेमंत सोरेन

सर्वोच्च न्यायालय ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई के लिए सहमति दी है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड पूर्व मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है। झारखंड मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बुधवार रात गिरफ्तार किया था। उधर, सोरेन ने गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए पहले हाईकोर्ट का रुख किया था।

झारखंड में भाजपा विधायक दल की भी होगी बैठक

झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी व चंपई सोरेन द्वारा सरकार बनाने का दावा पेश करने के बीच भाजपा द्वारा भी रांची में शुक्रवार सुबह 11 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है। राज्य में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होगी। बैठक में विधायकों के साथ प्रदेश संगठन और लोकसभा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी मौजूद रहेंगे। बैठक में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और चंपई सोरेन के नए सीएम पर बनने पर चर्चा होगी।

भाजपा ने चंपई सोरेन को बताया कठपुतली

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि चंपई सोरेन के मुख्यमंत्री बनने से झारखंड के हालात में बदलाव होने की कोई उम्मीद नहीं है। क्योंकि चंपई सोरेन सिर्फ एक कठपुतली की तरह कार्य करेंगे। सरकार की डोर सोरेन परिवार के हाथ में होगी, लेकिन मुख्यमंत्री को हमारी शुभकामनाएं है। उम्मीद है कि वो कानून के मुताबिक काम करेंगे।

Exit mobile version