photo1676800699 https://jaivardhannews.com/congress-leader-madanlal-gurjar-died-in-rajsamand/

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप जिला प्रमुख मदनलाल गुर्जर का रविवार सुबह अचानक दु:खद निधन हो गया। सुबह गढ़बोर में चारभुजानाथ के दर्शन किए और फिर घर पर खाना खाने के बाद अचानक पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंचे, जहां साइलेंट अटैक के चलते मौत हो गई। फिर उनकी पार्थिव देह को चारभुजा में पैतृक आवास पर लाए, जहां पर कोहराम मच गया और अब अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।

चारभुजा के वरिष्ठ पत्रकार हीरालाल पालीवाल ने बताया कि कुंभलगढ़ विधानसभा व राजसमंद जिले में सक्रिय कांग्रेस नेताओं में शामिल मदनलाल गुर्जर मूलत: मीराबाई चौक चारभुजा के रहने वाले थे। वे उनके पिता तुलसीराम गुर्जर के इकलौते बेटे थे। उनकी उम्र 52 वर्ष बताई जा रही है। उनके दो पुत्र दिनेश और दीपक है। बड़ा बेटा दिनेश सूरत में व्यवसायरत है, जबकि दूसरा बेटा दीपक नर्सिंग कर रहा है। वे राजनीतिक, सामाजिक स्तर पर काफी सक्रिय थे और हंसमुख मिजाज के धनी थे। पूर्व उप जिला प्रमुख मदन गुर्जर की अचानक मौत से चारभुजा कस्बे ही नहीं, बल्कि कुंभलगढ़ विधानसभा व पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई।

घर में मच गया कोहराम

पूर्व उप प्रमुख मदन गुर्जर के निधन पर घर पर कोहराम मच गया। उनकी पत्नी शांताबाई, बेटे दिनेश, दीपक सहित सभी परिजनों की रूलाई नहीं थम रही है। गांव के अन्य लोग, प्रबुद्धजन सांत्वना दे रहे हैं, मगर परिजनों की करूण रूलाई अन्य लोगों के दिल को झकझोर देने वाली है।

कई कांग्रेस नेता भी पहुंचे गढ़बोर

गढ़बोर में पूर्व उप जिला प्रमुख मदन गुर्जर के निधन की सूचना पर कई कांग्रेस नेता पहुंच गए और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान कुंभलगढ़ पूर्व विधायक गणेशसिंह परमार, आमेट नगरपालिका अध्यक्ष कैलाश मेवाड़ा, कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर, कुंभलगढ़ पूर्व प्रधान सूरतसिंह दसाणा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश सुथार सहित कई सरपंच, ग्रामीण व समाजसेवी मौजूद है।

बेबाक बोलने की थी छवि, दावेदारों में भी नाम

कांग्रेस पार्टी में हमेशा खरी- खरी खुली बात बोलने में पूर्व उप जिला प्रमुख मदन गुर्जर अग्रणी रहते। साथ ही गांव व क्षेत्र के पीड़ित, परेशान व्यक्ति की मदद के लिए भी हमेशा तैयार रहते। कांग्रेस कमेटी की बैठक में भी गलत का खुलकर विरोध भी करते। साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कुंभलगढ़ विधानसभा में कांग्रेस दावेदारों में भी उनका नाम अग्रणी दावेदारों में था।

सभी नेताओं व अफसरों से अच्छा नाता

पूर्व उप जिला प्रमुख मदन गुर्जर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे, मगर उनका भाजपा नेताओं से भी अच्छा रिश्ता था और पुलिस व प्रशासनिक अफसरों से भी अच्छा मेलजोल रखते थे। क्षेत्र के विकास के लिए वे बीजेपी के नेताओं से भी मिले, तो कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों से तो वे लड़ झगड़कर विकास की बात करते थे।

सभी नेताओं से भी नजदीकी

कांग्रेस के दबंग नेता के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले मदनलाल गुर्जर की जिला व प्रदेश स्तर पर भी सभी नेताओं से नजदीकी रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, डॉ. सीपी जोशी से लेकर सभी कांग्रेस नेताओं से मिलते- जुलते और जनता के कार्य करवाने के लिए हमेशा डटे रहते। वे किसी भी गुट विशेष नेता के साथ नहीं रहे। हमेशा सभी नेताओं को पार्टी में व्याप्त गुटबाजी और कमजोरी पर भी खुलकर कांग्रेस नेताओं से बोलते थे। हमेशा कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने में लगे रहे।

सोशल मीडिया पर भी रहते काफी एक्टिव

कांग्रेस नेता मदनलाल गुर्जर सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते थे। रोज सुबह गढ़बोर चारभुजानाथ के दर्शन से दिन की शुरुआत करने वाले मदन गुर्जर सबसे पहले मंदिर की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते थे। साथ ही फेसबुक व वाट्‌सएप ग्रुप में भी उनके दिन की एक्टिवीटी को शेयर करते थे।

photo1676798719 1 edited https://jaivardhannews.com/congress-leader-madanlal-gurjar-died-in-rajsamand/