Jaivardhan News

राजसमंद में 2 साल बाद खनकेंगे डांडिया, दिल्ली की रिया और मुंबई के DJ Vivid की रंगारंग प्रस्तुतियां

Dandiya https://jaivardhannews.com/dandiya-will-ring-in-rajsamand/

राजसमंद में कोरोना महामारी के चलते इस बार लगातार दूसरे साल भी शहर में शारदीय नवरात्रा में गरबा-डांडिया के आयोजन नहीं होने से डांडिया रमने वालों को काफी निराशा का सामना करना पड़ा था। लेकिन, अब डांडिया खनकाने वालों के लिए जेसी ग्रुप का शरद महोत्सव खुश खबरी लेकर आया है। ग्रुप की ओर से इस बार करीब दो वर्ष बाद शरद महोत्सव का आयोजन धूमधाम के साथ किया जाएगा। इसमें शहर के बच्चों व युवाओं से लेकर हर उम्र के लोग शरद पूर्णिमा को चांदनी रात में करीब दो साल बाद डांडिया खनकाते हुए ठाकुरजी और मातारानी की आराधना कर सकेंगे।

ग्रुप के अध्यक्ष अशोक टांक ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से कोरोना के मामले नहीं के बराबर होने पर कोरोना गाइड-लाइन धार्मिक कार्यक्रम एवं डांडिया आदि के आयोजनों को दी गई छूट के बाद गु्रप की बैठक में करीब दो वर्ष बाद धूमधाम से शरद महोत्सव का आयोजन करने का निर्णय किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार यह महोत्सव तीन दिवसीय होगा जो 20 अक्टूबर को शहर के स्टेशन रोड पर स्थित द्वारकेश चौराहा पर द्वारकेश वाटिका में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर बनाए जाने वाले पाण्डाल में आकर्षक डेकोरशन व सजावट की जाएगी। साथ ही प्रभु राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी भी सजाई जाएगी। वहीं अत्याधुनिक साउण्ड का भी इंतजाम किया जा रहा है, जिससे कि डांडिया खनकाने वाले दो वर्ष बाद पूरा आनंद उठा सकें। उन्होंने बताया कि सरकार की गाइड-लाइन के तहत इसमें सीमित व्यक्तियों के प्रवेश को ध्याम रखते हुए इस बार प्रवेश पास के माध्यम से ही दिया जाएगा। महोत्सव को लेकर गु्रप के सदस्यों ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी से पूर्व जेसी ग्रुप की ओर से प्रति वर्ष शरद पूर्णिमा के दिन शरद महोत्सव के तहत डांडिया रास का एक दिवसीय आयोजन किया जाता था। लेकिन गत वर्ष कोरोना गाइड लाइन के कारण इस आयोजन को निरस्त करना पड़ा था। ऐसे में इस बार गाइड लाइन में छूट मिलने पर यह आयोजन दो दिवसीय कर दिया गया है।

सैकड़ों लीटर खीर का धराया जाएगा भोग

शरद महोत्सव को लेकर जेसी ग्रुप की ओर से शरद पूर्णिमा के दिन 20 अक्टूबर को ठाकुरजी को सैकड़ों लीटर दूध की सूखा मेवा मिश्रित खीर का भोग धराया जाएगा। खीर का भोग धराने के बाद इसे प्रसाद के रूप में डांडिया खेलने वालों के साथ श्रद्धालुओं को भी वितरण किया जाएगा।

केवल पास से ही दिया जाएगा प्रवेश

अध्यक्ष टांक ने बताया कि गाइड लाइन के चलते इस बार शरद महोत्सव में सिर्फ पास से ही प्रवेश दिया जाएगा, जिससे कि लोगों की संख्या को गाइड-लाइन के तहत सीमित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि पास ग्रुप के अध्यक्ष के साथ ही संरक्षक रमेश मेवाड़ा एवं संयोजक व पार्षद हेमंत रजक से प्राप्त किए जा सकते हैं

हर दिन अलग अलग ये होंगे कार्यक्रम

ग्रुप के अध्यक्ष अशोक टांक ने बताया कि शरद महोत्सव का आयोजन शहर वासियों की मांग पर अब दो की जगह तीन दिन तक कर दिया गया है। इसमें गुरुवार को पहले दिन दिल्ली की मनोज रिया एण्ड पार्टी के द्वारा भी डांडिया खेलने वाले शहरवासियों के साथ आकर्षक डांस और गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं मुंबई के प्रसिद्ध डीजे विविड भी पहले व दूसरे दिन प्रस्तुतियां देंगे। डीजे विविड के द्वारा कार्यक्रम में थिम बेस्ड डांडिया रीमिक्स गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके तहत वे रांझणा, गल्ला गुडिय़ा सहित कई टीपिकल बॉलीवुड गीतों को अपने अंदाल में रीमिक्स कर डांडिया बीट्स की प्रस्तुति देंगे। रीमिक्स में वे बॉलीवुड के साथ ही हॉलीवुड के इंगलिश गीतों के माध्यम से डांडिया बीट्स में अंग्रेजी तड़का भी लगाएंगे, जो शहरवासियों व संगीत एवं डांडिया प्रेमियों के लिए पहली बार और एक अलग मजा होगा। मूलत: राजसमंद के रिछेड़ के रहने वाले डीजे विविड राजसमंद में पहली बार प्रस्तुतियां देने आ रहे हैं। वे मुंबई और गोवा के कई प्रतिष्ठित क्लबों में प्रस्तुतियां देते हैं। वहीं दुबई, सिंगापुर व थाईलैण्ड में भी कार्यक्रम पेश कर चुके हैं।

Exit mobile version