crime1 https://jaivardhannews.com/grandson-killed-maternal-grandfather-in-mp/

अमरोहा जिले में रिश्तों के कत्ल की एक रोंगटे खड़ा कर देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपने नाना को सरेआम कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। वृद्ध अपनी दूसरी बेटी के घर नाती की शादी में शामिल होने आया था। वहीं छोटी बेटी के बेटे ने उसे जान से मार डाला। बीते दिन ही परिवार में शादी समारोह था। लोगों ने आरोपी को किसी तरह काबू करके रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रिश्तों के खून की यह घटना मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव झुंडपुरा की है। बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में छुटैला निवासी 70 वर्षीय जयपाल सिंह मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव झंडुपुरा में अपने दामाद खेमचंद्र के घर आए थे। रविवार को खेमचंद्र के बेटे अरुण की शादी थी।

इसी समारोह में जयपाल सिंह की दूसरी बेटी का बेटा सौरभ निवासी सलेमपुर थाना हेमपुर दीपा बिजनौर भी शामिल हुआ था। बताया जा रहा है कि रविवार को अरुण की शादी के दौरान किसी बात पर जयपाल सिंह ने अपने नाती सौरभ को डांट दिया था। इसी से नाराज होकर उसने सोमवार को उनकी नृशंस हत्या कर दी।

सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे 70 साल के जयपाल सिंह झुंडुपुरा गांव में बेटी के घर नहा रहे थे। तभी उनके नाती सौरभ ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। सिर, चेहरे और गर्दन पर हुए कुल्हाड़ी के ताबड़तोड़ वार से जयपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब तक लोग उन्हें बचाने को पहुंचे तब तक सौरभ उनकी हत्या कर चुका था।

सौरभ को लोगों ने किसी तरह काबू में किया और पकड़कर रस्सी से बांध दिया। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी है। घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जयपाल को बचाने की कोशिश में एक किशोर समेत तीन लोग घायल हुए हैं। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।