ajager https://jaivardhannews.com/in-one-fell-swoop-the-goat-ate-when-the-team-caught-it-it-sprang-back/

चित्तौड़गढ़ के बेगूं क्षेत्र में खाने की तलाश में एक 12 फिट का अजगर गांव में घुस गया। अजगर एक बकरी को निगल गया। बकरी चरा रहा ग्रामीण अजगर को देखकर बुरी तरह डर गया। उसने अपने साथी को जानकारी दी। दोनों ने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।

भीड़ को देख कर एक बार तो अजगर झाड़ियों के पीछे चला गया। ग्रामीणों को जाते देख दोबारा आकर बकरी को निगल गया। मौके पर वन विभाग की टीम ने पहुंच कर अजगर को रेस्क्यू किया। बकरी खाने के बाद सांप का वजन 50 किलो का हो गया। उसको उठाने के लिए रेस्कयू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अजगर को जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया गया। अजगर ने कट्टे में ही बकरी को उगल दिया। कट्टे से निकाले जाने के बाद वो जंगल की तरफ चला गया।

घात लगाए बैठा था अजगर, बकरी को पास आता देख बनाया शिकार
घटना बेगूं उपखंड के डोराई ग्राम पंचायत के जल सागर बांध के पास की है। ग्रामीण अपनी बकरियों को चरा रहा था। 12 फीट का अजगर घात लगाए बैठा था। बकरी को अपने पास आते देख झपट्टा मार रहा था। चरवाहे ने उसे देख लिया। तब तक अजगर ने बकरी को मार दिया था। सूचना मिलने पर आसपास के कई ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों को देखकर अजगर बकरी छोड़कर झाड़ियों के पीछे चला गया। जब ग्रामीण इधर-उधर हो गए तो वह दोबारा आकर बकरी को निगल गया।

बकरी के शिकार के बाद 50 किलो हुआ अजगर का वजन। वन विभाग को उठाने के लिए करनी पड़ी मशक्कत।

क्षेत्रीय वन अधिकारी नारायण सिंह कच्छावा टीम गठित कर मौके पर पहुंचे। अजगर डर के मारे पत्थरों के बीच जाकर छुप गया था। वन विभाग की टीम ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को रेस्क्यू किया। अजगर ने कई बार टीम पर झपट्टा मारने की कोशिश की। उसका वजन लगभग 50 किलो हो चुका था। उसको उठाना भी मुश्किल हो रहा था। अजगर को रेस्क्यू कर एक कट्टे में भरा गया और उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया। अजगर ने कट्टे में डर के मारे बकरी को उगल दिया।

रेंजर नारायण सिंह कच्छावा ने बताया कि अजगर ने बकरी को उगल दिया है, अब उसे फिर से खाने की जरूरत पड़ेगी। पास में वन्यजीव अभयारण्य होने के कारण जीव जंतु खाने की तलाश में गांव में चले आते हैं। कई बार यहां पैंथर को भी देखा गया है।