Jaivardhan News

विवाहिता ने कोर्ट में खुद को कुंवारी बताकर जेवरात लेकर प्रेमी संग भागी

01 19 https://jaivardhannews.com/married-woman-ran-away-with-lover-in-court-by-telling-herself-a-virgin/

एक विवाहित महिला ने कोर्ट में झूठा तथ्य पेश कर स्वयं को कुंवारी बता दिया। फिर एक युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रहने के लिए सुरक्षा की अर्जी लगाई। इसके बाद अपने पति के घर से गहने और नकदी लेकर प्रेमी संग चली गई। अब इस महिला का पति पुलिस थाने पहुंचा है। पति ने पुलिस से उसकी पत्नी द्वारा चुराकर ले गए रुपए और जेवरात दिलाने की मांग की है।

यह घटना जोधपुर जिले के शहर की है। बनाड़ थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि रामदेवनगर नांदड़ी निवासी नेमीचंद की तरफ से यह रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी शादी पिछले साल फरवरी में हुई थी। उसकी पत्नी मेड़ता के रहने वाले महेंद्र पुत्र दूदाराम भादू के संपर्क में आ गई। हाल ही में उसकी पत्नी धर से सोने चांदी के जेवरात के साथ ही 2.10 लाख भी चुराकर ले गई। वह महेंद्र भादू के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है।

थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी ने 2 जुलाई को ही हाईकोर्ट में खुद व महेंद्र की सुरक्षा को लेकर लिव इन रिलेशन में रहने के लिए अर्जी लगाई थी। 3 जुलाई को वह महेंद्र के साथ चली गई। महेंद्र कोचिंग का कार्य करता है। पड़ताल में यह भी सामने आया कि पीड़ित की पत्नी ने कोर्ट में झूठी जानकारी दी। उसने खुद को कुंवारी बताया है।

जांच में सामने आया है कि प्रेमी महेंद्र भी शादीशुदा है। उसकी पत्नी व एक बच्चा भी है। महिला का पीहर मंडोर थाना क्षेत्र में होने से महेंद्र का आना जाना था। फिलहाल पुलिस ने धोखाधड़ी में केस दर्ज करते हुए अग्रिम अनुसंधान आरंभ किया है।

Exit mobile version