02 27 https://jaivardhannews.com/oxygen-plants-virtual-foundation-stone/

राजसमंद। राजकीय चिकित्सालय में नगरपालिका की तरफ से बनने वाले 100 सिलेंडर प्रतिदिन क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट का रविवार को विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने वर्चुअल कार्यक्रम में भूमिपूजन किया। प्लांट पर करीब 70 करोड़ की लागत आएगी।
राजकीय चिकित्सालय में दो और नए ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। इसमें डीआरडीओ की तरफ से प्रतिदिन 240 सिलेंडर और नगरपालिका की तरफ से 100 सिलेंडर प्रतिदिन क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। दोंनो नए ऑक्सीजन प्लांट के साथ ही अस्पताल में 3 ऑक्सीजन प्लांट हो जाएंगे। ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता भी 44 सिलेंडर प्रतिदिन से बढ़ कर प्रतिदिन 384 सिलेंडर हो जाएगी। अस्पताल में अभी रोज 100 से ज्यादा सिलेंडर ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। 100 सिलेंडर की क्षमता वाले प्लांट से सामान्य चिकित्सालय सहित आस-पास के गांवों मे भी ऑक्सीजन सप्लाई हो सकेगी।

कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवकीनन्दन गुर्जर, पालिका चेयरमैन मनीष राठी, डीएलबी के चीफ इंजिनीयर अरुण व्यास, नगर पालिका आयुक्त कोशल कुमार खटुमरा, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रकाश चन्द्र शर्मा, चिकित्सालय प्रभारी कैलाश भारद्वाज, डॉ. बीएल जाट, जिला बाल कल्याण समिति चेयरमैन कोमल पालीवाल व पार्षद दिनेश एम जोशी उपस्थित थे। पार्षद दिनेश एम जोशी ने बताया कि नगर पालिका की तरफ से विधानसभा अध्यक्ष डॉ जोशी के निर्देशानुसार स्वायत्त शासन विभाग की तरफ से सामान्य चिकित्सालय में 100 सिलेंडर की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट बनाया जाएगा। इसका निर्माण नगरपालिका करेगी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने कहा कि कोविडकाल में ऑक्सीजन के लिए मरीजों सहित चिकित्सालय स्टाफ व आम जन को परेशानी हुई थी। प्लांट लगने से क्षेत्र के मरीजों को आगामी दिनों में राहत मिलेगी।

नए सहित मौजूदा प्लांट से रोज मिलेंगे 384 सिलेंडर
डीआरडीओ के 240 और नगरपालिका के 100 सहित मौजूदा संयंत्र के 44 मिला कर कुल 384 गैस सिलेंडर ऑक्सीजन प्रतिदिन मिल सकेगी। इससे अस्पताल ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर हो सकेगा।