panther 3 https://jaivardhannews.com/panther-attack-to-woman-in-udaipur-rajasthan/

उदयपुर में तेंदुए का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को तेंदुए ने सिंघटवाड़ा में अधेड़ उम्र की महिला को अपना शिकार बनाया। जहां महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, तेंदुए के आतंक के बाद एक बार फिर पूरे गांव में खौफ का माहौल है।

दरअसल, जावर माइंस थाना क्षेत्र के सिंघटवाड़ा गांव में घर में सो रही बसंती देवी पर मंगलवार सुबह अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान बसंती देवी की चीख सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिसके बाद तेंदुआ एक बार फिर जंगलों की ओर भाग गया। लेकिन तब तक बसंती को गंभीर चोट आ चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल बसंती देवी को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार जारी है।

तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि बीते 1 महीने में तेंदुआ चार लोगों को शिकार बना चुका है। बावजूद इसके वन विभाग की टीम आदमखोर तेंदुए को पकड़ने की बजाय सिर्फ झूठे दिलासे दे रही है। जिससे ग्रामीणों की जान खतरे में आ गई है।

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी जावर माइंस थाना क्षेत्र में पैंथर ग्रामीणों को अपना शिकार बना चुका है। वहीं कई मवेशियों को भी मौत के घाट उतार चुका है। ऐसे में पिछले लंबे समय से ग्रामीण पैंथर को पकड़ने की मांग भी कर रहे थे। बाकायदा इसके लिए वन विभाग की टीम ने ग्रामीण अंचल में कई पिंजरा भी लगाया था, लेकिन पैंथर सबको चकमा देकर लगातार मवेशियों और इंसानों पर हमला कर रहा था। इसके बाद अब वन विभाग की टीम ने राज्य सरकार को पैंथर को शूट करने की अनुमति मांगी है।