Jaivardhan News

पशु चिकित्सालय पर गरमाई सियासत : भाजपा 8 सालों में अस्पताल के लिए जमीन नहीं दिला पाई, अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भ्रामकता फैला रहे: राठौड़

01 109 https://jaivardhannews.com/politics-heats-up-on-veterinary-hospital-bjp-could-not-get-land-for-hospital-in-8-years/

राजसमंद में बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय पर अब सियासत गरमाने लगी है। दाे दिन पहले भाजपा विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने प्रेस वार्ता कर अस्पताल राजसमंद लाने का मुद्दा रखा था, ऐसा नहीं हाेने पर आंदाेलन की भी चेतावनी दी थी। अब कांग्रेस ने भाजपा काे आड़े हाथाें लिया है। कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष हरीसिंह राठौड़ ने कहा कि स्थानीय विधायक स्वयं की और अपनी पार्टी की विफलताओं को छिपाने के लिए जनता के सामने भ्रामक बातें फैलाकर भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

पिछले आठ साल से 2013 में अशोक गहलोत सरकार ने ही बहुउद्देश्यीय पशु चिकित्सालय की घोषणा की थी। पिछले आठ साल में चिकित्सालय के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करवा पाए। अब राजनीति करने का अवसर ढूंढ रहे हैं। हम हमारी सरकार में फिर से राजसमंद में पशु चिकित्सालय लेकर आएंगे।

जिलाध्यक्ष राठौड़ ने शुक्रवार काे बताया कि बहुद्देशीय पशु चिकित्सालय की 2013 में सीएम अशोक गहलोत सरकार ने घोषणा की थी। आवंटन के तहत राजसमंद जिले को भी चिकित्सालय मिला। इसके लिए वर्ष 2014 में धोइंदा और जावद के बीच जमीन का आवंटन भी किया था। उस जमीन पर पूर्व से किसी का कब्जा होने से तत्कालीन सरकार व प्रशासन कब्जा नहीं हटवा सके।

आरोप लगाते हुए कहा कि जबकि वर्ष 2014 से लेकर 2018 तक नगर परिषद में चेयरमैन, विधायक, सांसद और राज्य सरकार सब कुछ भाजपा के थे। राठाैड़ ने कहा कि यहां नाथूवास में श्रीनाथजी मंदिर मंडल की तरफ से दी गई जमीन पर चिकित्सालय बनाया जाना प्रस्तावित है। लेकिन राजसमंद के पशुपालकों को भी इस सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा और यहां भी राज्य सरकार से जल्द ही चिकित्सालय स्वीकृत कराया जाएगा।

वहीं नगर परिषद सभापति अशोक टांक द्वारा त्वरित कार्रवाई करवाते हुए चिकित्सालय के लिए आवंटित जमीन से अतिक्रमण हटवाया जाकर, वहीं निर्माण करवाने का प्रयास करेंगे। आरोप लगाते हुए कहा कि राजसमंद झील को भरने के लिए माही नदी का पानी राजसमंद लाने की डीपीआर बनाने के लिए वर्ष 2013 में गहलोत सरकार और डाॅ. सीपी जोशी की वजह से 4 करोड़ 56 लाख रुपए का बजट मंजूर हुआ था। जिसे भी 2014 में भाजपा सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में निरस्त कर दिया। जबकि बैठक में स्थानीय विधायक कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल थीं। उन्होंने 1300 करोड़ रुपए की लागत से देवास का पानी लाने के सपने दिखाए थे। लेकिन वो भी हवा-हवाई ही साबित हुआ।

इस दाैरान स्वागत जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव कुलदीप शर्मा ने किया। पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर, नगर परिषद उपसभापति चुन्नीलाल पंचोली, सघन क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह राठौड़, ओबीसी प्रकोष्ठ के नानालाल सार्दुल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी एवं पार्षद हेमंत रजक, किशनलाल गाडरी मौजूद थे।

सभापति अशोक टांक ने जिम्मेदारी लेेते हुए और विश्वास दिलाते हुए कहा कि बहुद्देशीय चिकित्सालय के लिए जमीन आवंटित की गई है। जमीन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटवाएंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार से राजसमंद में भी जल्द चिकित्सालय की स्वीकृति लेकर आएंगे और आवंटित जमीन पर बनवाएंगे। राजसमंद में वर्तमान में स्थित पशु चिकित्सालय को भी अपग्रेड करवाने के साथ ही पर्याप्त चिकित्सक, सर्जन आदि के साथ सभी सुविधाएं राज्य सरकार से उपलब्ध करवाते हुए पशुपालकों को लाभान्वित करवाएंगे।

Exit mobile version