msg 1001770438490 6648 https://jaivardhannews.com/rajsamand-marble-slurry-dumping-yard-at-pasund/

Rajsamand जिले में पसूंद, मोरचणा, तासोल, मोखमपुरा क्षेत्र में मार्बल गैंगसा, फैक्ट्री व कटर से मार्बल व ग्रेनाइट की स्लरी निस्तारण के लिए पसूंद में डम्पिंग यार्ड का संचालन अब फिर ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा। इसके लिए जिला कलक्टर डॉ. भंवरलाल ने आदेश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि लोगों की शिकायत पर प्रशासन द्वारा आरक्षित डम्पिंग यार्ड को बंद करवाते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी की निगरानी में डम्पिंग यार्ड चलाने के निर्देश दिए थे, मगर अब दोबारा जिला कलक्टर ने डम्पिंग यार्ड संचालन का जिम्मा ग्राम पंचायत को सौंप दिया। इसके लिए जिला कलक्टर व IAS Dr. Bhanwarlal ने विशेष आदेश जारी किए हैं।

राजसमंद जिला कलक्टर द्वारा 16 मार्च 2024 को जारी आदेश के अनुसार वर्तमान में डम्पिंग यार्ड का संचालन बंद होने की वजह से अवैध डम्पिंग की गतिविधि बढ़ने की संभावना है और डम्पिंग यार्ड बंद होने से ग्राम पंचायत को राजस्व की भी हानि हो रही है। चूंकि डम्पिंग यार्ड संचालन के स्थायी प्रबंधन की प्रक्रिया लंबी है और लोकसभा चुनाव की व्यस्तता के चलते अस्थायी तौर पर डम्पिंग यार्ड संचालन का पसूंद ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी को करने के निर्देश जारी किए। इसके लिए डम्पिंग यार्ड परिक्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे, डम्पिंग यार्ड की वर्दीधारी गार्ड से नियमित निगरानी करने, डम्पिंग यार्ड के गेट से वाहनों की आवाजाही इलेक्ट्रोनिकली ट्रांसमिटेड तकनीक लागू करने और पोस मशीन लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि डम्पिंग यार्ड का संचालन पूर्ण पारदर्शी तरीके से हो सके। साथ ही उपखंड अधिकारी के निर्देशन में गठित टीम व लेखा टीम को हर सप्ताह रिकॉर्ड का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आमजन के शिकाय व सुझाव के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Pasund marble dumping https://jaivardhannews.com/rajsamand-marble-slurry-dumping-yard-at-pasund/

Marble Slurry : पहले शिकायत पर बंद किया था संचालन

पसुन्द में संचालित डम्पिंग यार्ड में कथित तौर पर अनियमितता की शिकायत पर जिला कलक्टर द्वारा उपखंड अधिकारी के निर्देशन में कमेटी का गठन करते हुए ग्राम पंचायत पसूंद से संचालन बंद करवा दिया। इधर, लोकसभा चुनाव की प्रशासनिक व्यस्तता के बीच मार्बल व ग्रेनाइट स्लरी निस्तारण में आ रही परेशानी को देखते हुए जिला कलक्टर द्वारा अस्थायी तौर पर ग्राम पंचायत को ही सभी आवश्यक गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए डम्पिंग यार्ड संचालन की अनुमति दी है।

Pasund : कतिपय लोग कर रहे अवैध डम्पिंग, बदनाम पंचायत हो रही

आरक्षित डम्पिंग यार्ड का पहले भी सुचारू व नियमानुसार संचालन किया जा रहा था, मगर कतिपय लोगों ने झूठी शिकायत प्रशासन से करके डम्पिंग यार्ड बंद करवाया, जिससे ग्राम पंचायत को राजस्व की हानि भी हुई और कतिपय लोगों ने अवैध डम्पिंग शुरू कर दी। भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी, प्रह्लाद जोशी, पुष्कर जोशी, चांदमल जोशी सहित कतिपय लोगों द्वारा गिरोह बनाकर कृषि भूमि, राजसमंद रुण, खातेदारी भूमि, चारागाह, देवस्थान भूमि में मार्बल स्लरी डाल रहे हैं। ग्राम पंचायत द्वारा नोटिस जारी करते हुए केलवा थाने में रिपोर्ट भी दे दी, जहां प्रकरण विचाराधीन है। साथ ही कतिपय आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन को भी पत्र के जरिए अवगत करवा रखा है। अब सोमवार से अवैध डम्पिंग के खिलाफ ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान के रूप में कार्रवाई की जाएगी।

अयन जोशी, सरपंच निर्मल ग्राम पंचायत पसुन्द

वसूली का मुद्दा उठाया, तो मुझ पर लगाए झूठे आरोप

पसूंद में सरपंच कुछ लोगों के साथ मिलकर अवैध रूप से स्लरी की डम्पिंग करवा रहे हैं। मुझ पर अवैध डम्पिंग के लगाए आरोप झूठे है। अगर मैंने कहीं डम्पिंग किया है, तो ग्राम पंचायत कार्रवाई करें। डम्पिंग यार्ड संचालन में अनियमितता को लेकर 43 लाख रुपए की वसूली की राशि जमा नहीं कराने का मुद्दा मैंने उठाया। इसलिए मुझ पर सरपंच द्वारा झूठा आरोप लगाया जा रहा है। प्रशासन अगर निष्पक्ष जांच करें, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

मुकेश जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पसूंद