jaivardhannews.com

Rajsamand News : राजसमंद में मर्यादा की चर्चा क्या बात का बतंगड़ है या वाकई गलत हुआ ?

Rajsamand News : चर्चा और बातों का क्या है, बातें तो होंगी। चर्चा भी होगी—चाहे अच्छी हो या बुरी। एक व्यक्ति से दूसरे और दूसरे से तीसरे तक पहुंचते-पहुंचते बात में नए-नए शब्द जुड़ जाते हैं और देखते ही देखते बात का बतंगड़ बन जाता है। लेकिन सवाल तब और बड़ा हो जाता है, जब समाज के जिम्मेदार पदाधिकारी पूरे घटनाक्रम पर स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आते हैं। ऐसे में असमंजस, सवाल और तरह-तरह की चर्चाएं और तेज हो जाती हैं। राजसमंद में इन दिनों तेरापंथ धर्मसंघ के मुनि डॉ. संबोध कुमार का प्रस्तावित चातुर्मास निरस्त होने के बाद शुरू हुई चर्चाओं ने धार्मिक एवं सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। आधिकारिक स्तर पर चातुर्मास निरस्त होने की पुष्टि तो हुई है, लेकिन उससे आगे की चर्चाओं पर अब तक कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आने से समाज में अनेक सवाल उठ रहे हैं।

Jain Samaj : राजसमंद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन चार दिन से मुनि का चातुर्मास निरस्त होने और उसके पीछे के कारणों के कयास की चर्चा है। मुनि डॉ. संबोध कुमार का कांकरोली में प्रस्तावित चातुर्मास अचानक निरस्त हो गया। वे लगभग एक वर्ष से राजसमंद के कांकरोली क्षेत्र में प्रवास कर रहे थे। उनका चातुर्मास भी यहीं प्रस्तावित था। इस बीच अचानक आचार्य महाश्रमण के निर्देश पर मुनि संबोध कुमार का 16 जुलाई को लाडनूं के लिए विहार हुआ। साथ ही तेरापंथ समाज के कई पदाधिकारी भी साथ रहे। राजसमंद से कामलीघाट तक पैदल विहार करने के बाद आगे ट्रेन से लाडनूं पहुंचे। सवाल इसलिए भी उठे कि कोई भी मुनि विशेष परिस्थिति के अलावा परिवहन वाहन का उपयोग नहीं करते, तो अचानक ऐसा क्या हो गया कि उन्हें तेरापंथ धर्मसंघ की मर्यादा को तोड़कर ट्रेन में सफर करना पड़ा।

Kankroli city : इस पूरे मामले में जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के सभाध्यक्ष मदन धोका से बातचीत की। उन्होंने मुनि डॉ. संबोध कुमार का प्रस्तावित चातुर्मास निरस्त होने की पुष्टि की, लेकिन शहर व समाज में चल रही अन्य चर्चा पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि यह बोले कि लाडनूं में योगक्षेम शिविर में वे शामिल हुए हैं। साथ ही बताया कि समाजजनों से चर्चा करने के बाद वे इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण अथवा आवश्यक खंडन जारी करेंगे।

चर्चा का न तो खंडन हुआ न स्पष्ट जानकारी दे रहे

Ladnu News : इधर, राजसमंद शहर और समाज में यह चर्चा भी है कि मुनि संबोध कुमार के आचरण को लेकर कुछ समाजजनों ने धर्मसंघ के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपनी आपत्तियां और शिकायतें रखी थीं। इन शिकायतों में कथित रूप से आर्थिक लेन-देन, निजी दस्तावेजों तथा अन्य विषयों से जुड़े सवाल शामिल बताए जा रहे हैं। यह भी चर्चा है कि सामान्य परिस्थितियों में किसी मुनि का घोषित चातुर्मास निरस्त होना अत्यंत असामान्य माना जाता है। समाज के वरिष्ठ लोगों का कहना है कि पूर्व में उम्रदराज होने या दुर्घटना जैसी विशेष परिस्थितियों में चातुर्मास कार्यक्रमों में परिवर्तन हुए हैं, लेकिन सामान्य स्थिति में घोषित चातुर्मास निरस्त होने की घटना अत्यंत दुर्लभ मानी जा रही है। इसमें समाज के पदाधिकारियों की चुप्पी की भी चर्चा है। लोगों का कहना है कि अगर चर्चा तथ्यहीन व झूठी हैं तो उनका स्पष्ट खंडन होना चाहिए और यदि कोई कार्रवाई हुई है तो उसकी आधिकारिक जानकारी सामने आनी चाहिए, ताकि अनावश्यक भ्रम भी न फैले और बात का बतंगड़ भी नहीं बने। स्पष्ट जानकारी के अभाव में तरह-तरह की अटकलों को बल मिल रहा है। लोगों का मानना है कि समय पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जानकारी सामने आने से भ्रम और अफवाहों पर स्वतः विराम लग सकता है।

Exit mobile version