muder https://jaivardhannews.com/wife-murder-to-husband-in-banswara-rajasthan/

दूसरी महिला से प्रेम संबंध में बाधा बन रही पत्नी ने दूसरी शादी रचाने की धमकी क्या दी, पति ने आपा खो दिया। उसे इतना मारा कि वह मर गई। इस वारदात में उसका साथ प्रेमिका ने भी दिया। बड़ी ही होशियारी से हत्यारे ने शव को खेत में गड्‌ढा खोदकर गाड़ दिया। जल्दीबाजी में वह गड्‌ढा गहरा नहीं कर पाया था। कुत्तों ने मिट्‌टी हटाई और शव को बाहर खींच लिया। इसकी भनक पति को लग गई। वह फिर मौके पर पहुंचा। अबकी उसने पास में ही बड़ा गड्‌ढा खोदा और शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की। इतने में ससुराल वालों को सूचना मिल गई और वह आ धमके। पोल खुलता देख पति वहां से फरार हो गया। काफी तलाश के बाद युवक और उसकी प्रेमिका को पुलिस ने इंदौर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के तोरणिया गांव का है।

यह है मामला सदर थानाधिकारी रतन सिंह चौहान ने बताया कि कुशलगढ़ निवासी तोली (25) पत्नी मोहन मीणा ने 21 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने रिपोर्ट में मां ललिता (42) के लापता होने की जानकारी दी थी। साथ ही, मां की हत्या की आशंका जताते हुए अपने पिता कानजी मसार (45) पर आरोप लगाए थे। तोली ने कहा था कि ललिता चिरोलीबड़ा थाना कलिंजरा स्थित अपने मायके में रह रही थी। 10 दिन पहले ही वह मामा के यहां से सामापाड़ा सामरिया निवासी फूफा धना निनामा के यहां गई थी। वहां से 16 जून को तोरणिया अपने घर आ गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर तोली ने पिता कानजी मसार को फोन किया। उसने मां से बात करने की इच्छा जताई। कानजी ने कहा कि एक दिन के लिए ललिता तोरणिया आई थी। फिर वह कहीं चली गई।

बेटी को हुआ संदेह

ललिता से बात नहीं होने पर तोली को संदेह हुआ। पिता का रवैया संदेहास्पद देख उसने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच तोरणिया में घर के समीप खेत में ललिता का शव गड़े होने की सूचना पुलिस को मिल गई। गिरफ्तार कानजी ने पुलिस को बताया कि ललिता उसकी पत्नी थी। वह करीब एक साल पहले पीहर कलिंजरा चली गई थी। वारदात के एक-दो दिन पहले वह वापस तोरणिया आई थी। कानजी ने उससे एक साल तक पीहर में रहने का कारण पूछा। जवाब में ललिता ने नाता प्रथा के तहत दूसरे से शादी करने की धमकी दी। यह सुनकर कानजी आपा खो बैठा। उसने ललिता के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस वारदात में उसकी प्रेमिका मनीषा ने भी साथ दिया। ललिता के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने दम तोड़ दिया।


फिर पहुंचा था शव ठिकाने लगाने

कानजी ने जल्दबाजी में खेत में गड्‌ढा गहरा नहीं खोदा था। वहां कुत्ते पहुंच गए और उन्होंने पंजों से खोदना शुरू कर दिया। इसकी भनक कानजी को लग गई। उसने खेत में दूसरी ओर बड़ा गड्‌ढा खोदा। तभी इसकी सूचना कालिंजरा निवासी ललिता के परिजनों को मिल गई। यह देख कानजी वहां से भाग निकला। पुलिस ने कानजी और उसकी प्रेमिका मनीषा को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। वहां ये दोनों मजदूरी करते थे। पुलिस का दावा है कि दोनों ने वारदात करना कबूल किया। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।