Sonography https://jaivardhannews.com/will-the-sonography-of-rk-district-hospital-be-closed-again/

राजसमंद जिले में सबसे बड़े अस्पताल आरके जिला चिकित्सालय में 4 माह बाद फिर सोनोग्राफी जांच की सुविधा बंद हो जाएगी। क्योंकि यहां से सोनोलॉजिस्ट डॉ. सतीश सिंघल का सरकार ने नाथद्वारा गोवर्धन सामान्य चिकित्सालय में स्थानान्तरण कर दिया है। प्रतिदिन 70 सोनोग्राफी हो रही थी, जिन्हें अब निजी लेबोरेट्री में जाना पड़ेगा, जहां लोगों को 400 से 500 रुपए देने पड़ेंगे।

राजसमंद विधानसभा उप चुनाव से पहले राज्य सरकार द्वारा डॉ. सतीश सिंघल को आरके जिला चिकित्सालय में नियुक्त किया गया था। उससे पहले करीब 25 माह तक सोनोग्राफी कक्ष के ताले जड़े हुए थे। उप चुनाव से पहले राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने यह समस्या बताई, तो कांगे्रस नेताओं द्वारा तत्काल जिला अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट की नियुक्त करते हुए फ्री सोनोग्राफी की सुविधा प्रारंभ कर दी। उप चुनाव के बाद अब जिला चिकित्सालय से एक के बाद एक चिकित्सक का तबादला होता जा रहा है, जिसकी वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच सोमवार को सोनोलॉजिस्ट डॉ. सतीश सिंघल के जिला चिकित्सालय से नाथद्वारा स्थानान्तरण हो गया। इस तरह अब जिला अस्पताल में नि:शुल्क सोनोग्राफी सेवा बंद हो जाएगी।

उठ रहे सवाल, क्या तबादले के राजनीति

  • उप चुनाव से पहले क्या चुनाव जीतने के लिए ही कांगे्रस द्वारा सोनोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई ?
  • क्या उप चुनाव में कांगे्रस की हार होने के कारण वापस चिकित्सकों को हटाया जा रहा है ?
  • जिले का सबसे बड़ा अस्पताल होने के बावजूद नि:शुल्क सोनोग्राफी सेवा बंद क्यों ?
  • क्या राजसमंद में भाजपा की विधायक है, इसलिए कांगे्रस सरकार द्वारा डॉक्टर हटाए जा रहे हैं ?

प्रमुख शासन सचिव से बात की

हां, जिला चिकित्सालय में सोनोलॉजिस्ट के स्थानान्तरण की सूचना मिलते ही मैंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव से बात की है। यह सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां जिलेभर से लोग आते हैं। इसके मध्यनजर मैंने डॉ. सिंघल का तबादला निरस्त करने लिए बात की है। मेरा प्रयास है कि सोनोग्राफी की सेवा जारी रहे।

दीप्ति माहेश्वरी, विधायक राजसमंद