01 https://jaivardhannews.com/wish-fulfilled-bjp-workers-visited-charbhuja/

राजसमंद। राजसमन्द विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दीप्ति किरण माहेश्वरी के विजयी होने की मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजनगर से भाजपा कार्यकर्ता पदयात्रा कर गढ़बोर पहुंचे एवं भगवान चारभुजानाथ के दर्शन कर किए।

उप चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अपनी मन्नत पूर्ण होने के साथ ही राजसमन्द सीट पर रिकॉर्ड लगातार पांचवी बार पार्टी का परचम फहराने से जोश व उत्साह से सराबोर कार्यकर्ताओं ने प्रभु के जैकारों के साथ बुधवार शाम को पदयात्रा के लिए प्रस्थान किया। राजनगर से भाजपा आइटी प्रभाग विधानसभा संयोजक दीपक सोनी, मनोज निष्कलंक, कैलाश पुरोहित एवं मयूर पालीवाल आदि कार्यकर्ताओं ने राजनगर से पदयात्रा शुरू की जहां भाजपा के वरिष्ठजनों ने माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए दल को गढ़बोर के लिए विदाई दी। यहां से निकले कार्यकर्ताओं ने मार्ग में रात्रि विश्राम किया एवं गुरूवार अलसुबह फिर यात्रा आरम्भ कर वे गढ़बोर पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान चारभुजानाथ के दर्शन कर मन्नत पूरी होने पर प्रभु के दरबार में मत्था टेका एवं सर्वत्र समृद्धि, खुशहाली, भरपूर बारिश एवं जन कल्याण की मंगल कामना की।

इस अवसर स्थानीय पूर्व सरपंच नाथूलाल गुर्जर, उप जिला प्रमुख सोहनी देवी गुर्जर, भाजयुमो जिला महामंत्री गोपाल गुर्जर, भामाशाह बाबूलाल, छगन गुर्जर गोमती, रविप्रकाश लड्ढ़ा सहित प्रबुद्धजन एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। इस बारे में विशेष यह रहा कि नव निर्वाचित विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी भी इस मौके पर गढ़बोर पहुंची एवं पदयात्रा करने वाले इन कार्यकर्ताओं के साथ भगवान के दर्शन किए। इसके बाद विधायक ने भाजपा आइटी सेल विधानसभा संयोजक दीपक सोनी सहित कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पार्टी के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं सेवा भाव की सराहना की तथा कहा कि ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन पाया है जो हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन का आधार होता है। पदयात्रा पर गए कार्यकर्ताओं ने भी कहा कि सभी के सक्रिय योगदान के चलते राजसमन्द भाजपा का गढ़ बन चुका है तथा क्षेत्र में संगठन निरन्तर मजबूत हो रहा है।