love affair story 01 https://jaivardhannews.com/love-affair-story-husband-murder-or-lover/

love affair story : नौकरी के चलते रविकांत राजकोट में रहता था, ताे उसकी पत्नी प्रियंका दोनों छोटे बच्चों के साथ कानपुर में रहती थी। प्रियंका को अकेलापन सता रहा था। इस बीच एक दिन रविकांत घर आया, तो उसकी हत्या हो गई। पूरा परिवार बर्बाद हो गया। परिवार के इस हालात के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है। ऐसा खौफनाक कदम कोई कैसे उठा सकता है। यह कहानी बिना सोचे समझे प्यार या अवैध संबंध बनाने वाले हर युवक, युवती, महिला व पुरुष के लिए एक सबक है। जो भी यह कहानी देखेगा, संभवत: कभी ऐसी ठोकर नहीं जाएगा। देखिए क्राइम केरोसिन सीरीज की यह कहानी।

3 सितंबर 2023 की सुबह 10 बजे कानपुर शहर के थाना नौबस्ता के थाना प्रभारी जगदीश पांडेय को फोन के जरिए सूचना मिली कि हंसपुरम बंबा की पुलिया नंबर 3 के पास माया स्कूल के सामने वाले सूखे नाले में एक युवक की लाश है। चूंकि खबर हत्या की थी, इसलिए उन्होंने इस सूचना से पुलिस अधिकारियों को भी अवगत करा दिया। उसके बाद वह सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। थाना नौबस्ता से घटनास्थल की दूरी 5 किलोमीटर थी। इसलिए पुलिस को पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। उस समय वहां लोगों की भीड थी। पुलिस को देखते ही लोग हट गए। पुलिसकर्मियों ने नाले में पडे शव को बाहर निकाला। मृतक की उम्र 35 साल के आसपास थी। उसकी हत्या किसी तेजधार हथियार से गला रेत कर की गई थी। शव से बदबू आ रही थी, जिससे लग रहा था कि हत्या 1-2 दिन पहले की गई होगी। तलाशी में उसके पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। अब तक तमाम लोग शव को देख चुके थे, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई थी।

जांच के दौरान ही थाना प्रभारी जगदीश पांडेय को याद आया कि शकुंतला पांडेय नाम की महिला ने उनके थाने में एक दिन पहले अपने बेटे रविकांत की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कहीं यह लाश उसके बेटे की तो नहीं ? यह ख्याल आते ही उन्होंने शकुंतला को घटनास्थल पर बुलाने के लिए एसआई आरके सिंह और एक सिपाही को भेज दिया। पुलिस जीप राजेनगर (गल्ला मंडी) स्थित शकुंतला के घर पर रुकी तो वह सकते में आ गई। उन्होंने पूछा, “साहब, मेरे बेटे का कुछ पता चला ?”

जवाब देने के बजाय एसआई आरके सिंह ने शकुंतला से कहा कि वह उसके साथ चलें। वहां उन्हें सब पता चल जाएगा। शकुंतला अपने छोटे बेटे अनूप के साथ घटनास्थल पहुंची। वहां थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने उन्हें युवक का शव दिखाया तो वह फफक पड़ीं और बोलीं, “साहब, यह लाश मेरे बडे बेटे रविकांत की ही है। अनूप भी भाई का शव देखकर बिलखने लगा। प्रियंका को पति रविकांत की हत्या की जानकारी हुई तो वह भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शव देखकर विलाप करने लगी। शकुंतला ने प्रियंका को नफरत भरी नजर से देखा फिर बोली आखिर तुमने रास्ते का कांटा निकाल ही दिया। अब रोने धोने का नाटक क्यों कर रही हो ?

love affair or murder : प्रियंका ने शकुंतला के कटाक्ष का कोई जवाब नहीं दिया। वह छाती पीटपीट कर रोती रही। एक दो बार उसने बेहोशी का भी नाटक किया। इसी चीख पुकार के बीच एडिशनल सीपी (साउथ) अंकिता शर्मा तथा एसीपी अभिषेक पांडेय घटनास्थल पर आ गए। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फिर थानेदार जगदीश पांडेय से घटना के संबंध में कुछ जरूरी जानकारी हासिल की। मौके पर मृतक की मां शकुंतला पांडेय मौजूद थीं। एडीसीपी अंकिता शर्मा ने उनसे पूछा मांजी, तुम्हारे बेटे रविकांंत की हत्या किसने और क्यों की ? क्या तुम्हें किसी पर शक है ? इस पर शकुंतला बोली- हां जी, मुझे अपनी बहू प्रियंका पर ही शक है। इस पर अंकिता शर्मा ने पूछा कि वह कैसे ?

love affair story 02 https://jaivardhannews.com/love-affair-story-husband-murder-or-lover/

साहब, प्रियंका बदचलन है। वह लड झगड कर परिवार से अलग किराए का कमरा लेकर बेटे के साथ रहने लगी थी। बेटा परदेश कमाने गया तो प्रियंका बहक गई। वह अपने आशिक के साथ मौजमस्ती में डूब गई। बेटे ने विरोध जताया तो उसे मौत की नींद सुला दिया। प्रियंका ने ही अपने आशिक के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है। आप उसे गिरफ्तार कर लीजिए, वरना वह फरार हो जाएगी। इतना कह कर वह सुबकने लगी। पुलिस ने मौके की कार्रवाई कर लाश पोस्टमार्टम के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल भेज दी। एडिशनल डीसीपी ने प्रियंका के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवाई। उससे पता चला कि प्रियंका की एक मोबाइल नंबर पर लगातार बात होती थी। उस नंबर की जांच की गई तो पता चला कि वह नंबर बलरामपुर जिले के लालपुर गांव निवासी अनस हाशमी है।

love affair murder case : एडीसीपी ने थाने में प्रियंका से अनस हाशमी के संबंध में पूछताछ की तो उसने बताया कि वह उसके पति रविकांत का दोस्त है। वह नौबस्ता के कबीर नगर मछरिया में बरकती मस्जिद के पास किराए पर रहता है। उसका उसके घर में आना जाना था। प्रियंका के मोबाइल फोन में एक युवक की फोटो थी। वह फोटो जब प्रियंका के बच्चों को दिखाई गई तो उन्होंने बताया कि यह फोटो संदीप मामा की है। संदीप के संबंध में पूछने पर प्रियंका ने बताया कि अनस हाशमी ही संदीप है। उसने बच्चों को अनस हाशमी का नाम संदीप बताया था और कहा था कि यह तुम्हारे मामा है। अतः बच्चे उसे संदीप मामा कहते थे। अनस हाशमी को गिरफ्तार करने के लिए अंकिता शर्मा ने एसीपी अभिषेक पांडेय की अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने अनस हाशमी के कबीर नगर (मछरिया) स्थित किराए वाले कमरे पर पहुंची, लेकिन उसके कमरे पर ताला लटका मिला। पुलिस टीम जब वापस लौट रही थी तो फारुख अली गली के मोड पर पुलिस के मुखबिर ने जीप रुकवाई और बताया कि अनस हाशमी बरकती मस्जिद में छिपा बैठा है। कुछ देर बाद वह अपने कमरे पर जाएगा। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम सतर्क हो गई। रात 12 बजे के आस पास अनस हाशमी जैसे ही मस्जिद से बाहर निकला, पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। उसे थाने लाया गया। 4 सितंबर 2023 की सुबह 10 बजे एडीसीपी अंकिता शर्मा ने अनस हाशमी से रविकांत की हत्या के संबंध में पूछताछ की। कुछ देर वह पुलिस को बरगलाता रहा, लेकिन सख्ती करने पर टूट गया और हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। यही नहीं उसने मृतक रविकांत का मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त खून सना चाकू भी बरामद करा दिया। अनस हाशमी और प्रियंका से पुलिस से विस्तार से पूछताछ की तो रविकांत की हत्या की जो कहानी सामने आई, वह अवैध संबंधों की चाशनी में डूबी निकली।

उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के थाना विधनू के अंतर्गत एक गांव है- मटियारा। इसी गांव में हरविलास शुक्ला अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सरला के अलावा 2 बेटियां राधिका व प्रियंका तथा एक बेटा शिव था। हरविलास किसान थे। वह अपने खेतों में सब्जियां उगाते थे और शहर कस्बे की मंडियों में बेचते थे। इससे होने वाली आमदनी से ही वह परिवार का भरण पोषण करते थे। बडी बेटी का विवाह वह औंग (फतेहपुर) निवासी राधेश्याम तिवारी से कर चुके थे। राधिका से छोटी प्रियंका थी। वह भी जवान हुई तो उसके योग्य वर की खोज करने लगे। काफी प्रयास के बाद उन्हें रविकांत पसंद आ गया। रविकांत के पिता रामबहादुर पांडेय नौबस्ता (कानपुर) के राजे नगर मोहल्ले में सपरिवार रहते थे। परिवार में पत्नी शकुंतला के अलावा 2 बेटे रविकांत, अनूप तथा बेटी सीमा थी। सीमा की शादी हो चुकी थी। बडा बेटा रविकांत एक इनवर्टर बनाने वाली कंपनी में काम करता था। उचित घर वर देखकर रामविलास ने प्रियंका का रिश्ता रविकांत से पक्का कर दिया। इसके बाद 8 फरवरी 2016 को उन्होंने प्रियंका का विवाह रविकांत से कर दिया।

खूबसूरत पत्नी पाकर रविकांत खुद को बहुत खुशकिस्मत समझ रहा था, जबकि अपने से अधिक उम्र का पति पाकर प्रियंका खुश नहीं थी। प्रियंका को यह बात हमेशा सालती रहती थी कि उसका पति उम्र में उससे काफी बडा है। यही टीस कभी दर्द बन जाती तो पति पत्नी में झगडा हो जाता। हालांकि लडाई झगडा रविकांत को पसंद नहीं था। शादी के एक साल बाद प्रियंका ने एक बेटे को जन्म दिया। बेटे के जन्म से प्रियंका की सास शकुंतला भी खुश थी, लेकिन प्रियंका बेटे की परवरिश को लेकर चिंतित रहने लगी थी। दरअसल, रविकांत जो भी कमाता था, वह मां के हाथ पर रखता था। प्रियंका को यह बात अखरती थी। वह चाहती थी कि पति पैसा केवल उसे ही दे, ताकि वह बेटे की देखभाल ठीक से कर सके। प्रियंका को संयुक्त परिवार में रहना भी पसंद न था। इसलिए वह घर में कलह करने लगी थी। किसी न किसी बात को लेकर उसका हर रोज सास से झगडा होने लगा था। वह पति पर अलग रहने का भी दबाव डालने लगी थी। रोजरोज की कलह से परेशान हो कर रविकांत ने मां का घर छोड दिया और पत्नी प्रियंका के साथ नौबस्ता गल्ला मंडी में किराए का कमरा ले कर रहने लगा। इसी बीच प्रियंका ने दूसरे बेटे को जन्म दिया। प्रियंका को आर्थिक परेशानी खलती थी। पति की कमाई इतनी नहीं थी कि वह बच्चों के साथ खुशहाल जिंदगी जी सके।

रविकांत जिस इनवर्टर कंपनी में काम करता था, उसी में 20 साल का अनस हाशमी भी काम करता था। साथ काम करते दोनों में दोस्ती हो गई थी। अनस नस हाशमी मूलरूप से उत्तर भारत के बलरामपुर जिले के गांव लालपुर का रहने वाला था। रविकांत व अनस हाशमी खाने पीने के शौकीन थे, इसलिए दोनों की महफिल जमती रहती थी। एक दिन रविकांत ड्यूटी नहीं गया तो अनस हाशमी देर शाम उसका हाल चाल लेने उसके घर आ गया। यहां पहली बार प्रियंका की मुलाकात अनस हाशमी से हुई। दोनों एक दूसरे से प्रभावित हुए और उनके बीच बातचीत भी हुई। इसके बाद जब तब अनस हाशमी का रविकांत के घर आना जाना होने लगा, लेकिन इस बीच प्रियंका व अनस हाशमी मर्यादा में रहे। हालांकि दोनों के दिलों में हलचल शुरू हो चुकी थी। रविकांत का एक रिश्तेदार अनुज तिवारी था। वह गुजरात के राजकोट में किसी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। उसे अच्छा वेतन मिलता था। जनवरी 2021 में रविकांत की पारिवारिक शादी समारोह में अनुज तिवारी से मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान रविकांत ने आर्थिक समस्या बताई तो अनुज ने उसे राजकोट में नौकरी दिलाने का वादा किया।

love triangle crime and affairs : अनुज के साथ रविकांत राजकोट चला गया। वहां अनुज ने एक खिलौना बनाने वाली कंपनी में रविकांत को सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलवा दी। इस तरह रविकांत राजकोट में नौकरी करने लगा और प्रियंका दोनों बच्चों के साथ नौबस्ता गल्ला मंडी में रहने लगी। रविकांत को जब छुट्टी मिलती, तभी वह कानपुर आता और हफ्ते भर तक रुक कर वापस चला जाता। अनस हाशमी को जब पता चला कि उसका दोस्त रविकांत दूर दराज शहर में नौकरी करने लगा है तो उसकी नीयत में खोट आ गई। वह उसकी पत्नी प्रियंका से नजदीकियां बढाने के लिए उसके घर आने जाने लगा। वह जब भी आता बच्चों को खाने पीने की चीजें लाता। खाने पीने की चीजें पाकर बच्चे खुश होते। बच्चों ने प्रियंका से अनस हाशमी के बारे में पूछा तो उसने बच्चों से कहा कि यह तुम्हारे संदीप मामा है। प्रियंका भी उसे संदीप कहकर ही बुलाती थी। अनस हाशमी विवाहित था, लेकिन उसकी बीवी की मौत हो गई थी। स्त्री सुख से वंचित होने से वह प्रियंका पर डोरे डालने लगा था। पति के राजकोट जाने के बाद उसके जिस्म की भूख फिर सिर उठाने लगी। वह उदास हो गई, तब उसके दिलो दिमाग में अनस हाशमी घूमने लगा। वह उससे मिलने को उतावली हो उठी। एक दिन अनस हाशमी प्रियंका से मिलने उसके घर आया, प्रियंका ने दरवाजा बंद किया और अंदर आकर उससे बातें करने लगी। कुछ देर में प्रियंका 2 प्याली चाय लेकर आई तो अनस हाशमी ने पूछा, “भाईजान आए थे क्या ?” इस पर प्रियंका बेमन से बोली- “हां, आए तो थे, लेकिन एक सप्ताह रह कर चले गए। अनस हाशमी को लगा कि वह रविकांत भाईजान से खुश नहीं है। उसने मौके का फायदा उठाते हुए कहा, “भाभी, मैं कुछ कहना चाहता हूं, पर डर लगता है कि कहीं तुम बुरा न मान जाओ। नहीं, तुम बताओ क्या बात है ? भाभी, सच तो यह है कि तुम मुझे बहुत अच्छी लगती हो और मैं तुमसे मोहब्बत करने लगा हूं।

अनस हाशमी ने एक ही झटके में अपनी बात कह दी। प्रियंका बनावटी गुस्सा दिखाते हुए बोली क्या मतलब है तुम्हारा और हां प्यार का मतलब जानते हो। फिर मैं तुम्हारे दोस्त की पत्नी हूं, रिश्ते में तुम्हारी भाभी हूं। हां, लेकिन इस दिल का क्या करूं, जो तुम पर आ गया है। अब तो दिलो दिमाग पर तुम ही छाई रहती हो। कहते हुए अनस हाशमी ने प्रियंका के गले में बांहें डाल दीं। प्रियंका ने इसका कोई विरोध नहीं किया। इससे अनस की हिम्मत बढ गई। इसके बाद प्रियंका भी खुद को नहीं रोक सकी तो मर्यादा तार तार होते वक्त नहीं लगा। जोश उतरने पर जब होश आया तो दोनों में से किसी के भी मन में पछतावा नहीं था। उस दिन के बाद प्रियंका की तो जैसे दुनिया ही बदल गई। अनस हाशमी प्रियंका के घर बेखौफ और बिना रोक टोक आता और दोनों रंगरलियां मनाते। अनस हाशमी जो भी कमाता, वह सब प्रियंका व उसके बच्चों पर ही खर्च करने लगा। प्रियंका भी बेखौफ होकर अनस हाशमी के साथ घूमने फिरने लगी। अनस हाशमी का पति की गैर मौजूदगी में प्रियंका के घर आना जाना पड़ोसियों को खलने लगा। एक पड़ोसिन ने इसकी शिकायत प्रियंका की सास से कर दी। शकुंतला बहू को ऊंच नीच सिखाने उसके घर आईं तो प्रियंका सास पर ही हावी हो गई और बोली अम्मा, तुम हमारी फिक्र मत करो। अपने घर का खयाल मैं खुद रख लूंगी। तुम अपना घर संभालो। हमें नसीहत मत दो। कुछ दिनों बाद रविकांत जब घर आया, तो पड़ोसियों ने उसके कान भरे। मां ने भी प्रियंका की शिकायत की। इससे रविकांत को लगा कि जरूर कुछ गडबड है।उसने प्रियंका से पूछा अनस हाशमी का क्या चक्कर है? वह रोज रोज घर क्यों आता है? पति की बात सुनकर प्रियंका की धडकनें बढ गईं। यह क्या कह रहे हो तुम। तुम्हारा दोस्त है। कभी कभी घर आ जाता है। इसमें गलत क्या है ?

love affair story 04 https://jaivardhannews.com/love-affair-story-husband-murder-or-lover/

रविकांत 4-5 दिन घर रुक कर वापस अपने काम पर चला गया, लेकिन इस बार उसका काम में मन नहीं लगा। उसे लगता था जैसे उसकी गृहस्थी की नींव हिल रही है। एक दिन अचानक रविकांत छुट्टी लेकर बिना बताए घर आ गया। उसने घर में कदम रखा तो घर में कोई बच्चा दिखाई नहीं दिया। उसने कमरे का दरवाजा खोला तो सन्न रह गया। उसकी पत्नी प्रियंका दोस्त अनस हाशमी की बांहों में थी। गुस्से में रविकांत ने प्रियंका की खूब पिटाई की जबकि अनस हाशमी भाग गया। पीटने के बाद भी प्रियंका के चेहरे पर डर नहीं था। वह गुर्रा कर बोली इस सबमें मेरी नहीं, बल्कि तुम्हारी गलती है। मैंने कहा था न कि मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकती, लेकिन तुमने मेरी भावनाओं का खयाल कहां रखा।

love triangle murders : रविकांत को गुस्सा तो बहुत आया, लेकिन वह गुस्से को पी गया। उसने प्रियंका की बात का कोई जवाब नहीं दिया। 3 दिन बाद रविकांत राजकोट चला गया। उसके जाने के बाद प्रियंका और अनस हाशमी फिर रातें रंगीन करने लगे। हां, इतना जरूर था कि अब दोनों सावधानी बरतने लगे थे। अनस हाशमी अब रात के अंधेरे में ही प्रियंका के घर आता था। इधर रविकांत का मन अब काम में नहीं लगता था। उसने सोच लिया था कि वह नौकरी छोड देगा और बीवी बच्चों के साथ ही रहेगा। 20 अगस्त 2023 को रविकांत ने प्रियंका से मोबाइल फोन पर बात की और बताया कि उसने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी छोड दी है और जल्द ही घर वापस आ रहा है। अब वह बच्चों के साथ ही रहेगा। पति की नौकरी छोडने की बात सुनकर प्रियंका परेशान हो उठी। क्योंकि पति के रहने से उसे अनस हाशमी से मिलने का मौका नहीं मिल सकता था। उसने सारी बात अनस हाशमी को बताई, तब दोनों ने मिलकर रविकांत को ही ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

25 अगस्त 2023 को रविकांत राजकोट से कानपुर आ गया। रविकांत के आने की जानकारी अनस हाशमी को हुई तो वह उससे मिलने घर आ गया। रविकांत ने नाराजगी जताई और मिलने से इंकार कर दिया, लेकिन बार बार माफी मांगने पर रविकांत पिघल गया और उसे माफ कर दिया। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई और शराब पार्टी भी होने लगी।

30 अगस्त 2023 को रक्षाबंधन था। रविकांत दोपहर बाद अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपनी मां के घर राजे नगर (नौबस्ता) पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन सीमा से राखी बंधवाई और सभी ने मिलकर खाना खाया। शाम को रविकांत घर लौट आया। प्रियंका और अनस हाशमी को अब रविकांत कांटे की तरह चुभने लगा था। वह उनके मिलन में बाधक था, इसलिए दोनों ने जल्द ही इस कांटे को निकालने की योजना बना ली। योजना के तहत अनस हाशमी पहली सितंबर की रात 8 बजे रविकांत के घर पहुंचा और उसे शराब पिलाने के बहाने ले आया। दोनों गल्ला मंडी पहुंचे। वहां अनस हाशमी ने शराब की बोतल, नमकीन व गिलास खरीदे। फिर दोनों पैदल ही हंसपुरम बंबा की ओर चल दिए। योजना के तहत अनस हाशमी रविकांत को हंसपुरम बंबा की तीसरी पुलिया पर लाया। यहां सन्नाटा पसरा था। पुलिया के किनारे बैठ कर दोनों ने शराब पी। शराब पीने के दौरान प्रियंका से अवैध संबंधों लेकर दोनों में बहस होने लगी। इस पर रविकांत गाली गलौच करने लगा तो अनस हाशमी ने उसका गला पकड लिया। रविकांत गिर गया, तब उसने उसे घसीट कर सूखे नाले में फेंक दिया। पर उसे यकीन नहीं हुआ कि रविकांत मर चुका है, इसलिए उसने अपनी जेब से चाकू निकाला और उसकी गरदन रेत दी। इसके बाद रविकांत का मोबाइल फोन बंद कर झाड़ियों में फेंक दिया तथा खून सना चाकू भी झाड़ियों में छिपा दिया।

रविकांत को मौत की नींद सुलाने के बाद अनस हाशमी प्रियंका के पास पहुंचा और बताया कि उसने रविकांत को ठिकाने लगा दिया है। इसके बाद दोनों ने संबंध बनाए। फंसने के डर से प्रियंका ने सास शकुंतला को फोन पर सूचना दी कि रविकांत घर का सामान लाने बाजार गए थे, लेकिन अब तक लौटे नहीं। शकुंतला तब चिंतित हो उठीं। उन्होंने बेटे को खोजने का प्रयास किया। पता न चलने पर उन्होंने थाना नौबस्ता में गुमशुदगी दर्ज करा दी। तीसरे दिन उन्हें बेटे की हत्या की सूचना मिली। 5 सितंबर 2023 को पुलिस ने आरोपी अनस हाशमी और प्रियंका को कानपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रियंका के दोनों मासूम बच्चे दादी शकुंतला के पास थे।

यह कहानी बताने के पीछे क्राइम केरोसिन चैनल का उद्देश्य किसी की भावना को आहत करना या ठेंस पहुंचाना नहीं है, बल्कि आमजन को क्राइम के प्रति अलर्ट करना ही ध्येय है। यह कहानी उन युवक, युवती, महिला व पुरुषों के लिए एक सबक की तरह है, जो बिना सोचे समझे प्यार व अवैध संबंध के चक्कर में आते हैं और खुद के साथ अपने परिवार बेसहारा कर जाते हैं। इस कहानी को लेकर आप क्या सोचते हैं, कमेंट करके जरूर बताएं। इस तरह की कहानियों के लिए यू ट्यूब चैनल क्राइम केरोसिन को जरूर सब्सक्राइब करें।