एक कांस्टेबल ने शराब के नशे में बस में बैठी महिला से छेड़खानी कर दी। महिला ने उसकी चप्पल से पिटाई कर दी। बस में बैठे लोगों ने इसका विडियो बना कर वायरल कर दिया। विडियों उच्चधिकारयों तक पहुुंचने के बाद कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। हेड कांस्टेबल राजू लाल कंजर नशे की हालात में था। वर्तमान में उसकी ड्यूटी पुलिस लाइन में है।

यह मामला भीलवाड़ा जिले का है। बुधवार दोपहर भीलवाड़ा बस स्टैंड से बांसवाड़ा से जयपुर रोडवेज बस रवाना हुई थी। इस बस में बांसवाड़ा के कादेड़ा गांव में जाने के लिए एक महिला अपनी सहेली के साथ बैठी थी। इस दौरान बनेड़ा से हेड कांस्टेबल राजू लाल कंजर भी सवार हो गया और महिला के पास सीट पर जाकर बैठ गया। बनेड़ा से कुछ दूरी आगे निकलते ही उसने महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने मना किया, लेकिन वह नहीं माना। गुस्साई महिला ने चप्पल से बस में सब के सामने जमकर पीटा। बस में सवार लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया।

मामला बढ़ता देख ड्राइवर ने बस को शाहपुरा थाने के आगे रोक दिया। यहां महिला की रिपोर्ट पर हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर उसकी जांच शुरू कर दी गई है। महिला ने बताया कि वह नशे में भी था। आरोपी हेड कांस्टेबल जहाजपुर के पिपलुन्द गांव का रहने वाला है। शाहपुरा डीएसपी प्रियंका कुमावत ने बताया कि हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट का वीडियो मुझे भी किसी ने भेजा है। शाहपुरा थाने में हेड कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला की रिपोर्ट और वीडियो की पूरी जांच की जाएगी। उसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।