01 122 https://jaivardhannews.com/caught-5-people-who-came-to-take-out-the-treasure-on-the-hill-villagers-handed-over-to-the-police-on-suspicion-of-theft/

मियारी गांव की पहाड़ी पर पांच लोग खजाना निकालने के लिए पहुंचे। पहाड़ी पर टाॅर्च की रोशनी देख ग्रामीणों को चोरो का शक हुआ। इस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने खजाना निकालने की बात कबूली।

राजसमंद जिले के केलवा थाना क्षेत्र के देवपुरा के मिहारी गांव में ग्रामीणों ने रविवार रात को 5 संदिग्धों को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने संदिग्धों को पहाड़ी पर घूमते देखा तो उनको लगा की वह चोरी करने के नीयत से पहाड़ी पर घूम रहे है। ग्रामीणों ने संदिग्धों के बारे में पुलिस को सूचना दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। यहां पूछताछ में संदिग्धों ने बताया कि वह टोना टोटका करने का काम करते है। पहाड़ी पर जमीन में गड़ा धन (खजाना) निकालने के लिए आए थे।

ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी पर रात के समय टॉर्च चमकती दिखाई दी। पहाड़ी पर जाकर देखा तो 5 संदिग्ध लोग घूम रहे थे। अनजान संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने पर संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। इस पर ग्रामीणों को चोरी करने का शक हुआ। इस पर उनको पकड़कर वहीं पर बैठा दिया और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान मौके पर कई ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस आई तो ग्रामीणों ने संदिग्धों को उनके हवाले कर दिया।

इनको किया गिरफ्तार

केलवा थाना अधिकारी प्रवीण जुगतावत ने बताया कि चारभुजा थाना क्षेत्र के झीलवाड़ा निवासी बाबूलाल (63) पुत्र मोडीलाल सुखवाल, चारभुजा थाना क्षेत्र के लांबोडी निवासी मांगू सिंह (50) पुत्र लक्ष्मणसिंह दसाणा, लांबोडी निवासी विजयसिंह (28) पुत्र रतनसिंह दसाणा, लांबोडी निवासी नारायणसिंह (19) पुत्र मांगू सिंह दसाणा और उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र निवासी रूपलाल भील (65) पुत्र कना भील संदिग्ध मिले थे। पहाड़ी से शराब का पाउच और पूजन सामग्री भी मिली, जिसे जब्त किया गया।

दिन में रैकी कर रात में खजाना निकालने आए

थाना अधिकारी ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ करने पर उन्होंने कहा कि वह पहाड़ी पर गडे़ धन को निकालने के लालच में आए थे। दिन में आकर पहले पहाड़ी की रेकी की थी। इसके बाद रात को आकर पहाड़ी पर धन निकालने की जगह पूजा कर रहे थे। इस दौरान ग्रामीण आ गए और उन्हें रोक दिया। संदिग्धों ने बताया कि वह टोना टोटका करने का कार्य करते है। पहाड़ी पर 2 फीट नीचे खजाना गड़ा हुआ था, जिसे निकालने के लिए आए थे। पुलिस ने पांचों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।