01 19 https://jaivardhannews.com/central-government-gave-a-gift-to-rajsamand-government-approved-five-crores-for-hockey-astroturf-ground/

केंद्र सरकार ने राजसमंद में एस्ट्रोटर्फ हॉकी खेल मैदान के लए पांच करोड़ रुपए मंजूर किए है। भाणा की 80 बीघा जमीन पर विभिन्न खेल मैदान बनेंगे। खेल स्टेडियम के लिए केंद्र सरकार के एसएआई भारतीय खेल प्राधिकरण की टीम ने सर्वे कर स्थिति का जायजा लिया।

राजसमंद के भाणा में जिला जिला खेल स्टेडियम बनना प्रस्तावित है। इसके लिए राज्य सरकार ने दिसंबर 2021 में 10 करोड़ की मंजूरी दे दी थी। लेकिन इसमें एक और नया आयाम जुड़ गया है। अब केंद्र सरकार ने यहीं पर एस्ट्रोटर्फ हॉकी खेल मैदान बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। यहां 80 बीघा जमीन पर विभिन्न खेल मैदान बनने हैं। खेल स्टेडियम के लिए केंद्र से एसएआई भारतीय खेल प्राधिकरण की टीम ने सर्वे कर स्थिति का जायजा भी लिया।

बता दें कि खेलो इंडिया के तहत 5 करोड़ रुपए की लागत से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। गौरतलब है कि सांसद दीयाकुमारी ने राजसमंद में बहुउद्देशीय हॉल, एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान और 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के लिए दिसंबर 2021 में वित्तीय सहायता की मांग रखी थी। खेलो इंडिया स्कीम के तहत राजस्थान राज्य में खिलाड़ियाें की सुविधा के लिए 40 खेल अवसंरचना परियोजनाओं को पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है।

जिला खेल कार्यालय ने केंद्र और राज्य सरकार को 31 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इसमें 10 करोड़ राज्य सरकार से और 5 करोड़ केंद्र ने मंजूर कर दिए हैं। स्टेडियम का निर्माण आरएसआरडीसी के माध्यम से होगा। मैदान का काम अप्रैल से शुरू होना प्रस्तावित है।

जिला स्टेडियम बनाने का काम अप्रैल माह में शुरू हो जाएगा। टेंडर प्रक्रिया अधीन है, जो अप्रैल में पूरी हो जाएगी। वहीं यह सभी खेल मैदान आदि का अलग-अलग टेंडर प्रक्रिया से निर्माण करवाया जाएगा। भाणा स्टेडियम में आगामी दिनों में खिलाड़ियाें, आर्मी भर्ती और पुलिस भर्ती की दौड़ के लिए सिंथेटिक 400 मीटर का ट्रैक बनाना भी प्रस्तावित है। यह पैसा भी केंद्र सरकार से आएगा।