01 87 https://jaivardhannews.com/congresss-goal-is-not-the-country-but-the-upliftment-of-a-family-deepti-kiran-maheshwari/

राजसमन्द विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कांग्रेस को एक परिवार के उत्थान के लक्ष्य वाली संस्था बताया। कांग्रेस सरकारों की सारी योजनाऐं एक परिवार के नाम पर ही होती है। देश का विकास और गरीबों का उत्थान कभी भी कांग्रेस की कार्यसूची में नहीं रहा है।

विधायक दीप्ति ने कहा कि भाजपा अंत्योदय, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम करती है। कांग्रेस ने एक परिवार की सत्ता के लिए आपातकाल लगाकर लाखों लोगों को बंदी बनाया था। 1948 में महाराष्ट्र में ब्राह्मणों और 1984 में पूरे देश में सिखों का नरसंहार कांग्रेस की सोच दिखाता है। कांग्रेस नेता संचार क्रांति का श्रेय परिवार के एक नेता को देने का आए दिन प्रचार करते है। यह झूठे प्रचार की पराकाष्ठा है। देश में संचार क्रांति अटल जी की सरकार के समय हुई थी।

विधायक दीप्ति भाजपा मंडल अध्यक्षों के साथ क्षेत्रीय विकास और राजनीतिक आधार पर राजसमंद के साथ भेदभाव पर चर्चा कर रही थी। सभी मण्डल अध्यक्षों ने कांग्रेस के झूठे और पाखण्ड की राजनीति की कटु आलोचना की। जनता को जागृत करने के लिए विविध कार्यक्रम किए जाएंगे। विधायक दीप्ति ने मण्डल अध्यक्ष मुकेश जोशी, दिग्विजय सिंह भाटी, गणेश पालीवाल, सुभाष पालीवाल, प्रधान अरविन्द सिंह, जिला उपाध्यक्ष महेश आचार्य, वरिष्ठ नेता सत्यप्रकाश काबरा, पूर्व जिला महामंत्री सत्यनारायण पूर्बिया एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा की।