Untitled 1 https://jaivardhannews.com/heritage-walk-after-three-years-on-the-wall-of-kumbhalgarh-fort-the-largest-after-china-in-the-world/

एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ के प्रयास से बुधवार को कुंभलगढ़ दुर्ग की दीवार पर बुधवार को एक बार फिर हेरिटेज वॉक रखी गई, जो कि सांकेतिक रूप में हुई। कुंभलगढ़ एसडीएम ने पूरी दीवार पर घूम कर इस पर दोबारा हेरिटेज वॉक करवाने की कवायद शुरू की थी, जो बुधवार को पूरी हुई।

प्रशासन और होटल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम हुआ। एसडीएम राठौड़, तहसीलदार रंजीत सिंह चारण ने बुधवार सुबह 7 बजे दीवार से हरी झंडी बताकर प्रतियोगियों को रवाना किया, जो 10 बजे तक पूरी हुई। साढ़े 4 किलोमीटर लंबी वॉक को सबसे पहले जम्मू कश्मीर के भूषण कुमार ने सवा घंटे में पूरा किया। दूसरे स्थान पर गवार के लक्ष्मण सिंह चदाणा और तीसरे स्थान पर पप्पूसिंह राठौड़ रहे। तीनों प्रतिभागियों का प्रशासन और होटल एसोसिएशन ने दुर्ग के व्यू प्वाइंट पर स्वागत किया। वॉक में 50 से ज्यादा प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस पूरे कार्यक्रम में चारभुजा तहसीलदार दिनेश आचार्य, हेरिटेज सोसाइटी के सचिव कुबेर सिंह सोलंकी, प्रधान कमला दसाना, जिपस दीनदयाल गिरी, सरपंच बिशन सिंह राणावत, रेंजर किशोर सिंह, बीडीओ भगवान सिंह कुंपावत, योगेंद्र सिंह परमार, प्रेमसुख शर्मा, गिरिराज सिंह राठौड़, चिकित्सा विभाग से प्रवीण कुमार, शंभू सिंह, भरत आमेटा, हेमेंद्र सिंह मौजूद रहे।

राजसमंद जिले के तत्कालीन कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी. यशवंत ने हेरिटेज वॉक की शुरूआत कुछ सालों पहले की थी, जिसमें युवाओं का जोश देखा गया। कई राज्यों से लोग इसमें शामिल हुए थे और हर साल उन्हें इस वॉक का इंतजार रहता है। यहां तक की अभिनेता सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश भी इसमें शामिल हो चुके हैं। हेरिटेज वॉक में भाग लेने के लिए राजस्थान के साथ गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली राज्य से लोग आते हैं। विजेताओं को पारितोषिक भी दिए जाते हैं। हर साल यह कुंभीलगढ़ फेस्टिवल के एक दिन पहले होती थी। लेकिन पिछले तीन साल से वॉक बंद थी।

सांकेतिक रही वॉक, जल्द बड़े लेवल पर करेंगे : एसडीएम

हेरिटेज वॉक को लेकर एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि कई सालों से वॉक बंद है। इसको लेकर देशभर के लोगों में क्रेज है। इस बार सांकेतिक रूप से प्रशासन और होटल कर्मचारियों ने इसे सफल बनाया है, लेकिन जल्द ही बड़े लेवल पर इसको करवाया जाएगा, जिसमें आम लोग भी भाग ले पाएंगे और पर्यटक भी इसका हिस्सा बन सकेंगे।

यज्ञ वेदी चौक में हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

वॉक पूरी होने के बाद यज्ञ वेदी चौक में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक परिवेश में प्रस्तुतियां दी। कलाकारों का लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।​​​​​​​