Rajsamand Transport Office Hang : प्रदेश में अधिकारी, कार्मिकों की अदला बदली के चक्कर में राजसमंद जिले के परिवहन विभाग के कार्यालय का सारा कामकाज लगभग ठप्प सा हो गया। ढाई माह से कोई स्थायी जिला परिवहन अधिकारी नहीं है, तो हाल ही एक निरीक्षक का तबादला होने के बाद एक मोटर वाहन निरीक्षक आए, जो लकवा की चपेट में आ चुके हैं, उन्हीं के पास जिला परिवहन अधिकारी से लेकर लाइसेंस, टैक्स वसूली तक का सारा दारोमदार है। कार से दफ्तर में कुर्सी पर बैठने तक निजी सहायककर्मी के सहारे है। हालांकि जिला परिवहन अधिकारी पद पर ज्वाइनिंग के बाद राधेश्याम भांड ने खुद को पूर्ण रूप से स्वस्थ व फिट बताया। पिछले ढाई माह में राजस्व वसूली हो या लाइसेंस व कार्यालय के अन्य सारे कामकाज में राजसमंद काफी पिछड़ चुका है और लक्ष्य के मुकाबले राजस्व वसूली 50 फीसदी भी नहीं हो पाई, जबकि ढाई माह पहले की स्थिति देखी जाए, तो लक्ष्य के मुकाबले 121 प्रतिशत राजस्व अर्जन था।
Rajsamand News : राजसमंद परिवहन कार्यालय में पिछले ढाई माह से कार्मिक, अधिकारियों की अदला बदली के चलते आमजन के रोजमर्रा के कामकाज भी समय पर नही हो पा रहे हैं। जिला परिवहन अधिकारी कल्पना शर्मा को सरकार द्वारा 15-16 नवंबर के आस पास एपीओ कर दिया, जिनका पिछले सप्ताह बारां जिला परिवहन अधिकारी पद पर तबादला कर दिया गया। इसी तरह अन्य मोटर वाहन निरीक्षक, मोटर वाहन उप निरीक्षकों के भी तबादले हो गए, मगर राजसमंद में एक भी अधिकारी न होने से वैकल्पिक तौर पर निरीक्षक रोहितसिंंह के कंधे पर सारा वर्कलोड था। उसके बाद मोटर वाहन निरीक्षक राधेश्याम भांड का 27 जनवरी को ट्रांसफर होकर राजसमंद आए। साथ ही एक मोटर वाहन निरीक्षक व मोटर वाहन उप निरीक्षक का भी राजसमंद तबादला किया, मगर दोनों ने अभी तक ज्वाइन नहीं किया और इस बीच राजसमंद से निरीक्षक रोहितसिंंह रिलीव हो गए। ऐसे में मोटर वाहन निरीक्षक राधेश्याम भांड फिर अकेले रह गए, जिनके पास ही जिला परिवहन अधिकारी का चार्ज भी है, तो 6 इंस्पेक्टरों का चार्ज भी उन्हीं के पास आ गया। ज्वाइनिंग के दूसरे दिन शुक्रवार शाम को ऑफिशियल आईडी चालू करते हुए कामकाज शुरू किया, लेकिन लकवा की चपेट में आने के चलते शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो गए, जिसकी वजह से बगैर किसी व्यक्ति के सहारे अकेले मुश्किल से चल पाते हैं। इसके अलावा भी परिवहन विभाग में कार्मिक- अधिकारियों की स्थिति ऐसी है कि कुल 16 पद स्वीकृत है, जिनमें से सिर्फ 5 ही कार्यरत है और 11 पद रिक्त है।
officer Transfer : कई वर्षो से कार्मिकों का अभाव
officer Transfer : राज्य सरकार को कमाई देने वाले परिवहन विभाग में लेखाधकारी, सूचना सहायक व वरिष्ठ सहायक के पद तो कई वर्षो से रिक्त है। सहायक लेखाधिकारी का कार्य पिछले करीब 6 साल यानि मार्च 2018 से अन्य विभागों के अधिकारी के भरोसे चल हा है, जबकि सूचना सहायक व वरिष्ठ सहायक के पद भी पांच सालों से खाली है।
RTO or DTO Office : उप परिवहन कार्यालयों के नहीं खुले ताले
RTO or DTO Office : आमजन को सुविधा देने के लिए भीम, रेलमगरा व नाथद्वारा में उप परिवहन कार्यालय करीब 10 साल पहले ही खोल दिए, मगर तीनों ही जगह ताला खोलने वाला कार्मिक भी नहीं है। तीनों ही उप परिवहन कार्यालयों के ताले जड़े है और सारा कामकाज राजसमंद जिला मुख्यालय से ही हो रहा है और जिला कार्यालय में भी कार्मिक अधिकारी नहीं होने से सारा कामकाज ठप्प होने की स्थिति बन गई है।
कलक्टर ने सरकार को लिखा पत्र
परिवहन कार्यालय की दयनीय स्थिति व जनसमस्या को देखते हुए जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने परिवहन विभाग जयपुर में परिवहन आयुक्त से वार्ता कर भौतिक स्थिति से अवगत कराया। साथ ही पत्र भी लिखा गया है कि तत्काल राजसमंद में कार्मिक व अधिकारियों की व्यवस्था की जाए। क्योंकि यहां लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
परिवहन विभाग में कार्मिकों की स्थिति
पद नाम | स्वीकृत पद | कार्यरत | रिक्त पद |
जिला परिवहन अधिकारी | 1 | – | 1 |
सहायक लेखाधिकारी | 1 | – | 1 वर्ष 2018 से रिक्त |
मोटर वाहन निरीक्षक | 2 | 1 | 1 |
मोटर वाहन उप निरीक्षक | 5 | 1 | 4 रिक्त |
सूचना सहायक | 4 | 1 | 3 |
वरिष्ठ सहायक | 2 | 1 | 1 |
कनिष्ठ सहायक | 2 | 1 | 1 |
निरीक्षक बोले- हालात से विभाग को अवगत कराया
राजसमंद में ज्वाइन किए दो दिन ही हुए हैं। पहले बीमार होने से अवकाश पर थे, अब ज्वाइन करने पर राजसमंद तबादला हुआ है। लकवा से कुछ परेशानी है, मगर वे फिट है। इसीलिए विभाग ने उन्हें नियुक्त किया है। अन्य पद रिक्त होने से कुछ परेशानी है, मगर सरकार को अवगत कराते हुए दफ्तर कामकाज व्यवस्थित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राधेश्याम भांड, कार्यवाहक जिला परिवहन अधिकारी राजसमंद