01 https://jaivardhannews.com/the-miscreant-robbed-the-jewelry-from-the-elderly-woman-snatched-only-the-jewelry-she-was-wearing-blood-came-out-of-her-ears-and-nose/

घर पर अकेली बुजुर्ग महिला के मकान में देर रात चोर घुस गया। बदमाश ने वृद्धा के कान और नाक से सोने के गहने खींच कर तोड़ लिए। महिला खून से लथपथ हो गई। मामला कुंवारिया थाना क्षेत्र के खेमा खेड़ा गांव का है। चोर गुरुवार रात 3 बजे घर में दीवार फांद कर घुसा था।

घर की पोल में सो रही महिला के कान, नाक और गले में पहने गहने चोर लूट ले गए। बदमाश के झपटे से महिला के कान और नाक से खून बहने लगा। महिला के हल्ला करने पर बदमाश गहने लूटकर फरार हो गया। पीड़िता देऊ बाई (75) पत्नि सरुलाल ने बताया कि रात को घर पर वह अकेली सो रही थी। पति दूसरे गांव रिश्तेदारी में गया हुआ था। रात को करीब 3 बजे एक चोर दीवार कूदकर घर के अंदर आ गया।

आहट से बुजुर्ग महिला की नींद खुल गई। महिला ने पूछा- कौन हो, इस पर बदमाश ने महिला के नाक पर झपटा मार कर नाक में पहनी सोने की नथ तोड़ ली। इसके बाद बदमाश ने महिला के एक कान से सोने की बालियां और गले में पहनी सोने की चेन लूट भागने लगा। वृद्धा ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाश के पीछे भागने लगी। महिला के नाक और कान से खून बह रहा था। बुजुर्ग के शोर मचाने पर पड़ोसी आए। बुजुर्ग महिला को अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया गया। बुजुर्ग महिला ने थाने पहुंच अज्ञात बदमाश के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु की। महिला से लूटे गए सोने के गहनों का वजन करीब डेढ तोला है। कीमत करीब 75 हजार है। पुलिस अभी तक चोर को पकड़ नहीं पाई है।