
JK Tyre Founder Day : जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 141वां संस्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को एल.पी.एस. स्कूल, कांकरोली में लाला कमलापत सिंघानिया की जन्म जंयती पर उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। बच्चों ने नृत्य, संगीत और गायन की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान 3, 7 और 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले 13 कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्यिक) अनिल मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जेके उद्योग समूह के संस्थापक लाला कमलापत एवं लक्ष्मीपत सिंघानिया के उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान और सामाजिक क्षेत्रों में दिए गए अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। कांकरोली टायर प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट-वर्क्स मुकुल जैन ने कहा कि उद्योग केवल मशीनों से नहीं, बल्कि जुनून, समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने वाले लोगों से चलता है। उन्होंने बताया कि 1976 में स्थापित कांकरोली टायर प्लांट आज निरंतर प्रगति कर रहा है और जेके टायर अपने विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्लांटों—कांकरोली, बानमोर, विक्रांत, चेन्नई ग्रीनफील्ड, लक्सर तथा मेक्सिको के टोर्नेल प्लांट—के माध्यम से वैश्विक बाजार में अग्रणी स्थान बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि जेके उद्योग समूह के अंतर्गत जेके पेपर, फेनर इंडिया, जेके लक्ष्मी सीमेंट, जेके एग्रीजेनेटिक्स, क्लिनीआरएक्स रिसर्च, उमंग डेयरी, जेके इंश्योरेंस ब्रोकर्स, जेकेएलयू विश्वविद्यालय, पुष्पावती सिंघानिया अस्पताल आदि संस्थाओं के माध्यम से लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही समूह शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। इसी वर्ष कांकरोली टायर प्लांट ने बेस्ट एनर्जी अवार्ड, बेस्ट एम्प्लॉयर अवार्ड, प्रोडक्टिविटी एक्सीलेंस अवार्ड, एक्सीलेंस इन वाटर मैनेजमेंट अवार्ड तथा सीएसआर अवार्ड (बड़े उद्यम) सहित कई सम्मान प्राप्त किए। JK Organisation Founder Day Celebration

जेके समूह का योगदान
JK Tyre Rajsamand News : सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राजसमंद में लाखों पौधों का वृक्षारोपण, उद्यानों व ट्रैफिक सर्कलों का रखरखाव, प्रौढ़ शिक्षा, एचआईवी पीड़ितों की सहायता, महिला सशक्तिकरण हेतु फूल व सब्जी उत्पादन, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एनीकट-तलाई गहरीकरण जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिनसे भूजल स्तर में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है। समारोह का संचालन उप प्रबंधक (एचआर) श्री पी. डी. चौधरी ने किया तथा महाप्रबंधक (एचआर एवं आईआर) जितेन्द्र सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। समारोह में जेके परिवार के पदाधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।









