
Asha Bhosle death news : मशहूर गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रविवार दोपहर उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। आशा भोसले ने अपने लंबे और शानदार करियर में 12 हजार से अधिक गीत गाए। “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे उनके कई गीत आज भी लोगों की जुबान पर हैं। उन्होंने हिंदी सहित 14 से अधिक भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा। आशा भोसले मशहूर रंगकर्मी और शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर की बेटी थीं। वह महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन भी थीं। जब वह महज 9 वर्ष की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्होंने अपनी बहन लता मंगेशकर के साथ गायन की दुनिया में कदम रखा।
कल शाम 4 बजे होगा अंतिम संस्कार
Asha Bhosle passed away : परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा। उनके बेटे आनंद भोसले ने बताया कि जो लोग अंतिम दर्शन करना चाहते हैं, वे कल सुबह 11 बजे उनके घर पहुंच सकते हैं।
आशा भोसले ने 16 साल की उम्र में परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर गणपतराव भोसले से शादी की थी। यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सका और शादी के बाद उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि वह घरेलू हिंसा की शिकार भी हुईं। वर्ष 1960 में वह अपने पहले पति से अलग हो गईं और अपने तीन बच्चों—हेमंत, वर्षा और आनंद—के साथ परिवार के पास लौट आईं।
आरडी बर्मन से दूसरी शादी
Asha Bhosle funeral update : बाद में उनकी जिंदगी में संगीतकार राहुल देव बर्मन यानी आरडी बर्मन आए। दोनों की पहली मुलाकात 1956 में हुई थी, जबकि फिल्म तीसरी मंजिल के दौरान उनकी दोस्ती और गहरी हो गई। धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदला और दोनों ने वर्ष 1980 में शादी कर ली।
लता मंगेशकर के साथ गाए 50 से ज्यादा गीत
Asha Bhosle latest news : आशा भोसले और लता मंगेशकर ने साथ मिलकर 50 से अधिक गीत गाए। “मैं चली मैं चली” और “मन क्यों बहका रे बहका” जैसे गीत आज भी बेहद पसंद किए जाते हैं। दोनों बहनों की जोड़ी हिंदी संगीत जगत की सबसे यादगार जोड़ियों में गिनी जाती है।

एक समय आवाज को बताया गया था खराब
Asha Bhosle final rites : आज दुनिया जिस आवाज की दीवानी रही, उसी आवाज को एक समय रिकॉर्डिंग स्टूडियो से यह कहकर लौटा दिया गया था कि वह गाने के लिए उपयुक्त नहीं है। आशा भोसले ने एक बातचीत में बताया था कि शुरुआती दौर में उन्हें और किशोर कुमार को रिकॉर्डिंग के दौरान यह कहकर वापस भेज दिया गया था कि उनकी आवाज माइक पर अच्छी नहीं लग रही।
हालांकि, अपनी मेहनत, लगन और अद्भुत प्रतिभा के दम पर आशा भोसले ने वही मुकाम हासिल किया, जहां पहुंचना हर कलाकार का सपना होता है। उन्होंने किशोर कुमार के साथ 600 से अधिक युगल गीत गाए और हिंदी फिल्म संगीत को अनगिनत अमर धुनें दीं।
संगीत जगत में हमेशा अमर रहेगी आवाज
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उनकी मधुर, चंचल और भावपूर्ण आवाज ने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया। भले ही वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गीत हमेशा उन्हें जीवित रखेंगे।



