
चित्तौड़गढ़। Bee Attack Chittorgarh : जिले के बेगूं क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक व्यक्ति की मौत के बाद हालात उस समय और भयावह हो गए, जब उसके अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान घाट में मौजूद लोगों पर मधुमक्खियों ने दोबारा हमला कर दिया। इस दूसरे हमले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए। अचानक मची अफरा-तफरी के बीच लोग शव छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाद में प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतते हुए PPE किट पहनाकर अंतिम संस्कार कराया।
Chittorgarh Bee Attack News : घटना बेगूं क्षेत्र के पारसोली की है, जहां बुधवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटनाक्रम हुआ। प्रत्यक्षदर्शी सुनील ओझा के अनुसार, जमनेश (80) पर मंगलवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए चित्तौड़गढ़ लाया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनके अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की तैयारियां चल ही रही थीं कि तभी मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों पर अचानक हमला बोल दिया। हमले से श्मशान घाट के भीतर और बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े। कई लोग पेड़ों के पीछे छिप गए, जबकि कुछ लोग श्मशान से निकलकर खुले मैदान की ओर भागे।
50 लोग घायल
Bee Sting Death Rajasthan : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों के हमले में करीब 50 लोगों को डंक लगे। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पारसोली निवासी छीतर मल (68), रामेश्वर लाल (55), बस्सी निवासी कृष्ण भैरव (68), कुंभा नगर निवासी सुनील (62) और राणा सांगा बाजार निवासी भवानी शंकर (75) की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान भवानी शंकर ने दम तोड़ दिया। Bee Attack During Funeral
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने संबंधित अधिकारियों और मेडिकल टीम को तत्काल अलर्ट किया। तहसीलदार गोपाल जीनगर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लगातार बने खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने कुछ लोगों को PPE किट पहनाकर श्मशान घाट भेजा। इसके बाद पूरी सावधानी के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
यह घटना क्षेत्र में दहशत और चिंता का कारण बनी हुई है। एक ही परिवार के शोक के बीच श्मशान में दोबारा हुए हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। Funeral Bee Attack News




