
Rain Alert : बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 3 सितंबर को झालावाड़, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, भरतपुर, दौसा और अलवर में यलो अलर्ट लागू है। बारिश के कारण कई जिलों में हादसे सामने आए हैं, जिनमें बांध टूटने, लोगों के बहने और सड़कों के डूबने की घटनाएं शामिल हैं।
बांध टूटने से तबाही, गांव जलमग्न
Rajasthan ka Mosam : दौसा जिले के लालसोट में नालावास का कच्चा बांध टूटने से आसपास के कई गांव पानी में डूब गए। इस बांध को ग्रामीणों ने भूजल स्तर बढ़ाने के लिए करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनाया था। यह 300 मीटर लंबा और 35 फीट ऊंचा था। सोमवार रात को झिलमिली बांध से ओवरफ्लो हुआ पानी रानोली बांध में पहुंचा, जिसके दबाव से नालावास बांध टूट गया। इससे कोटखावदा और चाकसू तहसील के पांच से अधिक गांव प्रभावित हुए। ठीकरिया गुजरान, ठीकरिया मीणान, इंद्रपुरी, राड़ोली और हरिपुरा जैसे गांवों में पानी घुस गया, जिससे सड़क संपर्क टूट गया और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जेपी सिटी खेल मैदान की दीवारें भी पानी के तेज बहाव में ढह गईं।

हादसों का दौर
Mosam : सवाई माधोपुर के ढील बांध पर एक युवक स्टंट करने के दौरान तेज बहाव में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में था और बार-बार मना करने के बावजूद रेलिंग पर खतरनाक स्टंट कर रहा था। बैलेंस बिगड़ने पर वह पानी में गिर गया और रेलिंग पकड़कर कुछ देर तक बचने की कोशिश की, लेकिन अंततः बह गया। प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
प्रतापगढ़ के पारसोला थाना क्षेत्र में नरवाली गांव के पास एक शिक्षक, राजकुमार लबाना, माही नदी में बाइक फिसलने के कारण गिर गए। वह बांसवाड़ा से मुगाना की ओर जा रहे थे, जब पुलिया पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक तो पुल पर रुक गई, लेकिन राजकुमार नदी के तेज बहाव में बह गए। एसडीआरएफ की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
जालोर के आहोर में खैरवा नाले में तीन बाइक सवार युवक बह गए। इनमें से दो को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन एक युवक अभी लापता है। एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस टीमें देर रात से उसकी खोजबीन कर रही हैं।
जोधपुर के तिंवरी में लगातार बारिश के कारण मंगलवार सुबह एक मकान ढह गया। भैंरूजी धाम के पास हुए इस हादसे में पुजारी जसराज का परिवार बाल-बाल बचा। पाली के सोजत-बिलाड़ा स्टेट हाईवे पर मंडला गांव के पास लीलड़ी नदी में एक ट्रक तेज बहाव में फंस गया। चालक प्रेम सिंह को क्रेन की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया।
जलभराव और जनजीवन पर असर
Aaj ka Mosam : जयपुर के चाकसू और कोटखावदा क्षेत्र में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक 160 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। आमेर इलाके में सागर झील के ओवरफ्लो होने से एक मगरमच्छ घनी आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया, जिससे दहशत फैल गई। वन विभाग की टीमें मंगलवार सुबह तक उसकी तलाश में जुटी रहीं।
भरतपुर के नदबई में तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने हालात को और बिगाड़ दिया। गांव हंतरा में श्मशान की ओर जाने वाला रास्ता पानी से भर गया, जिसके कारण बुजुर्ग जगदीश (80) की अंतिम यात्रा को पानी के बीच से निकालना पड़ा।
खतरनाक लापरवाही: स्कूल बस हादसे का खतरा
Weather Update : भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में राधा स्वामी पब्लिक स्कूल (मिलसवा) के बस ड्राइवर की लापरवाही ने 55 बच्चों की जान को खतरे में डाल दिया। ड्राइवर ने मैरथा गांव के पास गंभीर नदी के सपाट पर बच्चों से भरी बस उतार दी, जबकि वहां पानी का बहाव था। स्कूल मालिक गिर्राज शर्मा ने बताया कि सुबह के समय पुलिया पर पानी नहीं था, लेकिन दोपहर में पानी बढ़ गया। इस घटना का वीडियो एक स्थानीय व्यक्ति ने बनाया, जो अब वायरल हो रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

पिछले 24 घंटों में बारिश का आंकड़ा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दौसा के नांगल राजावतान में 53 मिमी, रामगढ़ पचवारा में 50 मिमी, राहुवास में 31 मिमी, लवाण में 30 मिमी, भरतपुर के सीकरी और नदबई में 29 मिमी, नागौर के नावां में 35 मिमी, जयपुर के तूंगा में 34 मिमी, करौली के सपोटरा में 30 मिमी, अलवर के तिजारा में 25 मिमी, गोविंदगढ़ में 32 मिमी, बहरोड़ में 29 मिमी, बारां के शाहबाद में 33 मिमी, सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में 34 मिमी और तलवाड़ा में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, भीलवाड़ा के बागोर में 98 मिमी, कोटड़ी में 70 मिमी, चूरू के राजगढ़ में 36 मिमी, अलवर के थानागाजी में 37 मिमी और हनुमानगढ़ के नोहर में 52 मिमी बारिश हुई।
मौसम का पूर्वानुमान : 7 सितंबर तक बारिश का दौर
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ बीकानेर, जयपुर, दतिया, सीधी और पुरी से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा, एक अन्य ट्रफ पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान से गुजर रही है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है, और बंगाल की खाड़ी में मंगलवार को बना लो-प्रेशर सिस्टम 7 सितंबर तक बारिश को और तीव्र कर सकता है।
बारिश का अलर्ट
3 सितंबर
- ऑरेंज अलर्ट: झालावाड़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा
- येलो अलर्ट: चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, भरतपुर, दौसा, अलवर
4 सितंबर
- ऑरेंज अलर्ट: प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर
- येलो अलर्ट: अलवर, जयपुर, दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर
5 सितंबर
- ऑरेंज अलर्ट: उदयपुर, सिरोही, डूंगरपुर, बांसवाड़ा
- येलो अलर्ट: चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, पाली, जालोर, जोधपुर, नागौर
6 सितंबर
- येलो अलर्ट: उदयपुर, डूंगरपुर, सिरोही, जालोर, बाड़मेर



