
Rajasthan weather update : राजस्थान में पिछले सप्ताह से शुरू हुआ आंधी और बारिश का सिलसिला मार्च के अंतिम दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 26 से 31 मार्च के बीच राज्य में दो अलग-अलग वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना जताई है। हालांकि, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
सोमवार को भी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जयपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं समेत कई इलाकों में सुबह मौसम बदला रहा, वहीं दोपहर बाद कोटा, बारां, अजमेर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश देखने को मिली। कोटा जिले के कुछ इलाकों में दिन के समय तेज बारिश हुई। इसके अलावा झालावाड़, बारां, सवाई माधोपुर और बूंदी में बादलों की आवाजाही बनी रही और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
जयपुर में 3 डिग्री तक लुढ़का पारा
Rajasthan rain alert : राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। शहर में 8 एमएम, शाहपुरा में 5 एमएम और जालसू में 1 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक बढ़ गई।

पश्चिमी राजस्थान में भी गर्मी से राहत
Rajasthan ka Mosam : पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर और गंगानगर जैसे जिलों में 22 मार्च को हुई बारिश के असर से सोमवार को तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। बाड़मेर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बीकानेर में 33 डिग्री, चूरू में 32.4 डिग्री, जैसलमेर में 33.4 डिग्री, जोधपुर में 34.3 डिग्री, गंगानगर में 32.5 डिग्री और उदयपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी जिलों के अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
Barish ka Alert : मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 24 और 25 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के पूर्वी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि 29 से 31 मार्च के बीच एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवा और आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।



