
School Seminar : राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित श्री जी पब्लिक सीनियर सेकण्डरी स्कूल में शनिवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए “सक्सेस विद् सेंस: एजूकेशन, न्यूट्रिशन एंड डिजिटल बैलेंस” विषय पर एक जागरूकता सेमीनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उदयपुर के वरिष्ठ बाल चिकित्सक तथा इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के भूतपूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. के. अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ शारदे के पूजन और आशीर्वाद के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की सहनिदेशिका डॉ. लवीना शर्मा और कक्षा 6 से 8 के इंचार्ज सुनील कुमार चौधरी ने मुख्य अतिथि का उपरना ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। सेमीनार को संबोधित करते हुए डॉ. आर. के. अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शैक्षणिक प्रगति में संतुलित आहार, अनुशासित दिनचर्या और मोबाइल-इंटरनेट के सीमित व सकारात्मक उपयोग की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का सही उपयोग आवश्यक है, लेकिन इसका अत्यधिक प्रयोग बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने और घर में संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने का भी आग्रह किया। इस दौरान उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों को डिजिटल बैलेंस, न्यूट्रिशन और एजूकेशन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देकर उनका मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

सेमीनार को बताया ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक पहल
Shree Jee Public School News : विद्यालय की सहनिदेशिका डॉ. लवीना शर्मा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेमीनार विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खान-पान और डिजिटल गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। विद्यालय के निदेशक हेमंत कुमार शर्मा ने भी डॉ. अग्रवाल के प्रति आभार प्रकट करते हुए अभिभावकों से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के लिए विद्यालय से निरंतर संपर्क बनाए रखने का अनुरोध किया। वहीं प्रधानाचार्य सुरेश कुमार दग्दी ने सेमीनार को विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे ज्ञानवर्धक पहल बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन और संयोजन विद्यालय की विज्ञान अध्यापिका मनीषा समदानी ने किया। यह सेमीनार विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक और जागरूकता बढ़ाने वाला साबित हुआ।



