
social media influencers arrested : भीलवाड़ा में गैस, पेट्रोल और डीजल की कथित किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना 10 इन्फ्लुएंसर्स को भारी पड़ गया। पुलिस ने आमजन में डर और भ्रम का माहौल बनाने के आरोप में सभी 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें गिरफ्तार किया गया और बाद में उनसे माफी मंगवाकर उसका वीडियो भी जारी किया गया।
जारी वीडियो में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दूसरे लोगों के वीडियो देखकर वैसी ही भ्रामक वीडियो बना दी। वीडियो में वे हाथ जोड़कर कहते नजर आए कि देश में डीजल, पेट्रोल या गैस की कोई कमी नहीं है और वे अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगते हैं। साथ ही लोगों से भी अपील की गई कि वे इस तरह के भ्रामक वीडियो बनाकर अफवाह न फैलाएं। पुलिस के अनुसार, कुछ वीडियो में देश में युद्ध जैसी स्थिति बनने का दावा किया जा रहा था, जिससे लोगों में अनावश्यक घबराहट फैल सकती थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अन्य आरोपियों से ऐसे वीडियो डिलीट भी करवाए हैं।
फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने के लिए बनाया डर का माहौल
petrol diesel shortage fake news : यह पूरा मामला भीलवाड़ा का है, जहां एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को आधार बनाकर कुछ लोग सोशल मीडिया पर गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कमी की अफवाह फैला रहे थे। पुलिस की निगरानी में ऐसे 10 अकाउंट चिन्हित किए गए, जो लगातार भ्रामक पोस्ट और वीडियो साझा कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि ये लोग फॉलोअर्स और व्यूअर्स बढ़ाने के लिए सनसनीखेज और भ्रामक कंटेंट तैयार कर रहे थे। इन पोस्टों की वजह से आम लोगों के बीच डर, असमंजस और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही थी। इसके बाद पुलिस ने इनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
कॉमेडी वीडियो के नाम पर फैलाया भ्रम
LPG shortage rumor Rajasthan : पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपियों ने इस तरह के वीडियो कॉमेडी या मनोरंजन के रूप में तैयार किए थे, लेकिन उनका असर गंभीर था। इन वीडियो में गैस खत्म होने, पेट्रोल-डीजल की कमी और युद्ध जैसे हालात बनने की बातें कही जा रही थीं, जिससे लोग भ्रमित हो सकते थे। एक वीडियो में कहा गया था कि देश में युद्ध छिड़ने वाला है, इसलिए लोग अभी से गोबर के कंडे और लकड़ियां इकट्ठी करना शुरू कर दें। वीडियो में यह भी कहा गया कि गांव के लोगों के पास तो विकल्प हैं, लेकिन शहरों में रहने वाले लोग क्या करेंगे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की बातें पूरी तरह भ्रामक थीं और उनका मकसद लोगों में पैनिक फैलाना था।
लाखों फॉलोअर्स वाले अकाउंट भी कार्रवाई की जद में
police action on fake viral video : कार्रवाई की जद में आए कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स भी हैं। इनमें “बेरोजगार बॉयज” नाम की आईडी भी शामिल है, जिसे धीरज, अर्जुन, करण और अर्पित मिलकर चलाते हैं। इस अकाउंट पर करीब 14 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं।
इसके अलावा मुकेश प्रजापत “बिल्ला भीलवाड़ा” नाम से सोशल मीडिया आईडी चलाता है, जिसके 28 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पुलिस का मानना है कि बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने के कारण इन वीडियो का असर ज्यादा लोगों तक पहुंचा और भ्रम फैलने की आशंका भी बढ़ी।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से की गई गिरफ्तारियां
Bhilwara Today news : पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। थाना बनेड़ा क्षेत्र से 4 आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं बड़लियास और मंगरोप थाना क्षेत्रों से 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा सुभाषनगर और गांधीनगर थाना क्षेत्र से 1-1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में करण जाट, धीरज जाट, अर्पित शर्मा, अर्जुन चौधरी, महेंद्र कुमार, कैलाश कुमार, मुकेश प्रजापत और दीपक सिंह के नाम सामने आए हैं। पुलिस अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, सनसनी फैलाने या देश में किसी प्रकार की किल्लत और भय का झूठा माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के आगे न बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।



