01 38 https://jaivardhannews.com/women-were-doing-turmeric-ritual-at-the-well-13-women-died-due-to-breaking-of-the-lattice/

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार की रात एक शादी के दौरान 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें 9 बच्चियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गांव में हल्दी रस्म के दौरान सभी महिलाएं कुएं की जाली पर बैठकर पूजा कर रही थीं तभी जाली टूट गई और सभी उसमें गिर गईं।

चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों ने लोगों को कुएं से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। सभी की मौत की डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में मारी गई बच्चियों की उम्र 5 से 15 साल के बीच है। देर रात तक कुएं में कुछ और लोगों के फंसे होने की सूचना थी।

मामला कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के यहां गुरुवार को शादी समारोह के तहत हल्दी रस्म का कार्यक्रम था। रात 10 बजे के आसपास 50-60 महिलाएं और लड़कियां गांव के बीच में बने पुराने कुएं के पास शादी की रस्म के लिए पहुंची थीं। कुएं को लोहे की जाली से ढका गया था। कई लोग जाली पर चढ़ गए, जिससे जाली टूट गई। इस वजह से वहां खड़ीं करीब 35 महिलाएं और लड़कियां एक साथ कुएं में गिर गईं और पानी में डूबने लगीं।

चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। राहत बचाव का काम तेज किया गया। 11 बच्चियों और 2 महिलाओं को कुएं से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इससे पहले उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।