
Congress leaders joined BJP : उदयपुर जिले की गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल उस समय गर्म हो गया, जब कांग्रेस से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। गोगुंदा और सायरा पंचायत समिति क्षेत्र के 4 सरपंचों समेत कुल 51 लोगों ने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। भाजपा की चौपाल ग्राम रथ योजना के अंतर्गत प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को गोगुंदा पहुंचे। रावलिया कला स्थित ऋषि राय धाम में आयोजित कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत किया गया। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कई कांग्रेस समर्थित सरपंचों और ग्रामीणों ने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होने वालों में सायरा सरपंच संघ अध्यक्ष वालाराम गमेती, सायरा सरपंच सुरमा राम गरासिया, करदा सरपंच टमु बाई, सीमांद सरपंच एवं वार्ड पंच वना राम गमेती प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा सिंघाड़ा के फूलाराम, सेमड़ के वनाराम और सामल के प्रकाश गमेती सहित गोगुंदा और सायरा क्षेत्र के कुल 51 लोगों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।
मदन राठौड़ ने पहनाया पार्टी का दुपट्टा
Sarpanch joined BJP Rajasthan : कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
Madan Rathore Udaipur visit : इस कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, गोगुंदा विधायक प्रतापलाल गमेती, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर और प्रदेश मंत्री मोतीलाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए।
जैन समाज ने भी किया स्वागत
Rajasthan political news today : प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कार्यक्रम में जैन समाज के लोगों ने भी भाग लिया। नानालाल राठौड़ के नेतृत्व में समाज के लोगों ने प्रदेशाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उदयपुर दौरे के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व देहात अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान के गणेश घाटी स्थित निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने चौहान के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान भाजपा शहर और देहात संगठन के कई पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। Udaipur BJP latest news



