
राजसमंद। Rajsamand Motorcycle Theft Gang जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए राजनगर थाना पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 20 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बेहद कम कीमत में बेचकर मौज-मस्ती और अपने शौक पूरे करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक करीब दो दर्जन बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस को पूछताछ में और भी कई मामलों के खुलासे की उम्मीद है।
Rajnagar Police Bike Theft Case : राजनगर थानाधिकार संजयसिंह राठौड़ ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कालाल के निर्देशन में जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिक तथा वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में गठित टीम में राजनगर थाना पुलिस और साइबर सेल के जवानों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान कर लगातार निगरानी रखी गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जानकारी के अनुसार 2 मई 2026 को राजनगर निवासी वीरेंद्र कुमार मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी मोटरसाइकिल मण्डा स्थित पुराने हॉस्पिटल के पीछे से चोरी हो गई है। इस पर राजनगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने राजसमंद, नाथद्वारा, राजनगर, निम्बाहेड़ा, उदयपुर और भीलवाड़ा सहित कई क्षेत्रों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नारायण लाल पुत्र रामेश्वर लाल बैरवा (26) थाना कपासन जिला चितौड़गढ़ व अयूब मोहम्मद पुत्र सबीर मोहम्मद (21) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं भैरूलाल सुथार नामक आरोपी अभी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मात्र 5 हजार रुपए में बेच देते थे चोरी की बाइक
20 Stolen Bikes Recovered Rajsamand : पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेहद कम दाम में बेच देते थे। कई बाइक केवल 5 हजार रुपए में बेचना सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के वाहनों को चित्तौड़गढ़ जिले के धामाणा गांव निवासी व्यक्ति को बेचते थे और बिक्री से मिली रकम आपस में बांट लेते थे।
20 मोटरसाइकिलें बरामद
Rajasthan Motorcycle Theft News : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें अधिकांश हीरो स्प्लेंडर प्लस और हीरो डिलक्स बाइक शामिल हैं। कई वाहनों के नंबर प्लेट हटाए गए थे ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके। राजनगर थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग जिलों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में और भी कई चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है। Stolen Bike Recovery News
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
- छोगालाल, सहायक उपनिरिक्षक, थाना राजनगर
- मधुसुदन सहायक उपनिरीक्षक
- शम्भूप्रताप सिंह सहायक उपनिरीक्षक साइबर सेल
- विश्वेन्द्रसिंह कॉन्सटेबल
- काॅन्सटेबल मनोज कुमार
- काॅन्सटेबल शिवराज
- काॅन्सटेबल भगवतीलाल
- काॅन्सटेबल जगदीश
- काॅन्सटेबल ओमप्रकाश साइबर सेल
- काॅन्सटेबल चन्द्रप्रकाश



