
Jawaharlal Nehru Rajsamand visit : यह बहुत कम लोग जानते हैं देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू आजादी से पहले राजसमंद आए थे। 30 दिसंबर 1945 को वे सी-प्लेन से राजसमंद पहुंचे थे। उनका विमान राजसमंद झील में इरिगेशन गार्डन के पास उतरा था। इसके बाद उन्हें नाव से झील के किनारे तक लाया गया। यहां उन्होंने कांकरोली में कमला नेहरू अस्पताल की नींव रखी थी। इस ऐतिहासिक दौरे की एक और खास याद बच्चों से जुड़ी है। स्वागत के लिए पहुंचे कांकरोली के छोटे बच्चों को देखकर नेहरू इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को अमरूद बांटे थे। बाल दिवस पर उनकी जयंती के अवसर पर नेहरू के राजसमंद आगमन से जुड़ा यह रोचक इतिहास एक बार फिर चर्चा में हैं। पंडित जवाहरलाल नेहरू का मेवाड़ से गहरा जुड़ाव रहा है। आजादी से पहले वर्ष 1945 में वे उदयपुर में आयोजित देशी लोकराज्य सम्मेलन में भाग लेने के लिए मेवाड़ आए थे। इसी दौरान 30 दिसंबर को उनका राजसमंद आगमन हुआ। उस समय सी-प्लेन का झील में उतरना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ था।
शंभू दादा ने की थी अगुवाई, सुखाड़िया भी थे साथ
Jawaharlal Nehru Jayanti : राजसमंद में पंडित नेहरू के आगमन पर कांकरोली के डॉ. शंभूलाल शर्मा (शंभू दादा) ने उनकी अगुवाई की थी। इस दौरान मोहनलाल सुखाड़िया भी उनके साथ मौजूद थे, जो आगे चलकर राजस्थान के मुख्यमंत्री बने। नेहरू ने राजसमंद प्रवास के दौरान कमला नेहरू अस्पताल की नींव रखी। यह यात्रा स्थानीय लोगों के लिए ऐतिहासिक अवसर बन गई थी।

नाथद्वारा में राष्ट्रीय विद्यापीठ भवन का किया उद्घाटनः
राजसमंद प्रवास के बाद पंडित नेहरू नाथद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रीय विद्यापीठ के नवीन भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान नरेंद्रपाल सिंह चौधरी, प्रो. नारायण बागोरा, नंदलाल जोशी और मोहनलाल सुखाड़िया सहित अन्य लोगों से उनकी मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान आजादी के आंदोलन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। वे कुछ समय के लिए रघुनाथ पालीवाल के आवास पर भी गए थे।



