
Rajsamand Pradhan election : राजसमंद। राजसमंद पंचायत समिति के 25 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब प्रधान पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति में बहुमत के लिए जरूरी 13 सीटों का आंकड़ा भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दल हासिल नहीं कर सके हैं। भाजपा के 12 और कांग्रेस के 11 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
ऐसे में दो निर्दलीय सदस्य और पूर्व प्रधान रीना कुमावत व मंजू कुमावत की भूमिका बेहद अहम हो गई है। दोनों ही कुमावत समाज से आती हैं और प्रधान पद के चुनाव में उनका समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस ने उन्हें अपने पक्ष में लाने के लिए राजनीतिक संपर्क और बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। दूसरी ओर, कुमावत समाज की महापंचायत में भी इस मुद्दे पर विचार-विमर्श हुआ, लेकिन अभी तक किसी एक दल या विकल्प के समर्थन पर सहमति नहीं बन पाई है। भाजपा को पंचायत समिति में बहुमत हासिल करने के लिए महज एक अतिरिक्त सदस्य के समर्थन की आवश्यकता है। इसको लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल और विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कुमावत समाज के प्रतिनिधियों से संपर्क किया है। बातचीत के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा के निर्वाचित सदस्यों के बीच आपसी मतभेद और गुटबाजी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। समाज की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया कि समर्थन पर निर्णय लेने से पहले भाजपा को अपने आंतरिक मतभेद दूर कर संगठन में एकजुटता दिखानी होगी। इसी बीच समाज के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से मुलाकात का निमंत्रण भी मिला है। बुधवार को जयपुर में प्रस्तावित इस बैठक में समाज को राज्य मंत्री का दर्जा देने संबंधी आश्वासन और प्रधान पद के चुनाव में समर्थन जैसे राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस ने रखे दो विकल्प
Rajsamand Panchayat Samiti Pradhan news : प्रधान पद की दौड़ में पीछे नहीं रहने के लिए कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। कांग्रेस के 11 निर्वाचित सदस्यों के साथ पार्टी बहुमत से दो सीट दूर है। ऐसे में जिलाध्यक्ष आदित्य प्रतापसिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला प्रमुख नारायणसिंह भाटी ने कुमावत समाज के पदाधिकारियों से मुलाकात कर समर्थन जुटाने की कोशिश की है। कांग्रेस की ओर से समाज के सामने दो प्रस्ताव रखे गए हैं। पहले प्रस्ताव के तहत यदि समाज के सदस्य कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें प्रधान और उप प्रधान, दोनों पद देने की पेशकश की गई है। वहीं दूसरे विकल्प में यदि समाज अपना निर्दलीय प्रधान प्रत्याशी मैदान में उतारता है तो कांग्रेस बाहर से समर्थन देने को तैयार है। हालांकि इसके बदले कांग्रेस ने उप प्रधान पद के चुनाव में अपने प्रत्याशी के पक्ष में दोनों निर्दलीय सदस्यों के मतदान करने की शर्त भी रखी है। Kumawat Samaj News
निर्दलीयों पर टिकी नजरें
Rajsamand Panchayat Samiti election result राजसमंद पंचायत समिति में 12 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, लेकिन बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए उसे अभी भी एक सदस्य के समर्थन की जरूरत है। पार्टी के सामने केवल अतिरिक्त वोट जुटाने की चुनौती नहीं है, बल्कि अपने निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। दूसरी ओर, कांग्रेस सत्ता में भागीदारी का प्रस्ताव देकर निर्दलीय सदस्यों का समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुटी है। ऐसे में प्रधान पद का चुनाव अब कुमावत समाज के रुख पर काफी हद तक निर्भर नजर आ रहा है। जयपुर में होने वाली संभावित बैठक और समाज की ओर से लिया जाने वाला अंतिम निर्णय ही तय करेगा कि राजसमंद पंचायत समिति में प्रधान की कुर्सी भाजपा के खाते में जाएगी या कांग्रेस कोई नया राजनीतिक समीकरण बनाने में सफल होगी। Rajsamand political news toda



