
राजसमंद। Rajpura Dariba Mine : भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर क्षेत्र के निर्देशानुसार हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के राजपुरा दरीबा कॉम्प्लेक्स की राजपुरा दरीबा और सिंदेसर खुर्द खदानों में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय खान ब्यूरो, अजमेर की ओर से गठित निरीक्षण टीम ने खदानों में खनिज संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। टीम ने 20 नवंबर को राजपुरा दरीबा खदान तथा 21 नवंबर को सिंदेसर खुर्द खदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए पहुंचे अतिथि सदस्यों अवशेष छटबार (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड), आशीष डाभी (जे.के. सीमेंट वर्क्स) और अनिरुद्ध कुमावत (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड) का हिंदुस्तान जिंक के अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर राजपुरा दरीबा कॉम्प्लेक्स के आईबीयू सीईओ मानस त्यागी, सिंदेसर खुर्द खान के इकाई प्रबंधक सचिन देशमुख, राजपुरा दरीबा खान के इकाई प्रबंधक देबांशु चटर्जी, राजपुरा दरीबा खान प्रबंधक निशांत राव और सिंदेसर खुर्द खान प्रबंधक सांवरिया वैष्णव मौजूद रहे। निरीक्षण कार्य शुरू होने से पूर्व अतिथियों को संबोधित करने का अवसर भी दिया गया।
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा पर जोर

Hindustan Zinc Rajsamand : कार्यक्रम में दरीबा खान मजदूर संघ के उपाध्यक्ष मुकेश मीणा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए खदानों में पर्यावरण, जल संरक्षण और खनिज संसाधनों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने तथा नवीकरणीय ऊर्जा को अधिक प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर जोर दिया। हिंदुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण टीम को राजपुरा दरीबा और सिंदेसर खुर्द की भूमिगत खदानों, शाफ्ट, मिल, पेस्ट एवं ड्राई टेलिंग प्लांट और ‘मां अन्नपूर्णा पोर्टल’ का अवलोकन करवाया। अधिकारियों ने इन आधुनिक तकनीकों और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इनके माध्यम से भविष्य में जल एवं खनिज संसाधनों के संरक्षण को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसके साथ ही निरीक्षण टीम ने बायोडायवर्सिटी पार्क का भी दौरा किया। कार्यक्रम के तहत कॉम्प्लेक्स के समीप पौधारोपण गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें निरीक्षण टीम के सदस्यों और हिंदुस्तान जिंक के अधिकारियों ने सहभागिता निभाते हुए पौधे लगाए। Hindustan Zinc Mining

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
Mineral Conservation Rajasthan : खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह के दौरान कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ‘नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से सतत विकास को मजबूत बनाने’ के संदेश के साथ शपथ ली। इस दौरान हरित ऊर्जा को अपनाने, प्रकृति की रक्षा करने और खनिज संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संकल्प लिया गया। प्रतिभागियों ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी ही आत्मनिर्भर एवं मजबूत राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।



