
राजसमंद। Rajsamand DAP Fertilizer Shortage : राजसमंद झील से सिंचाई के लिए पानी मिलने के बाद जिले में रबी फसलों की बुवाई का दौर शुरू हो गया है। किसान खेतों को तैयार कर बुवाई में जुटे हैं, लेकिन इसी बीच डीएपी खाद की किल्लत ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिले में रबी सीजन के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन डीएपी खाद की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में ब्लॉकवार उपलब्ध स्टॉक केवल 236.90 मीट्रिक टन है। यानी कुल मांग के मुकाबले महज 16 प्रतिशत खाद ही उपलब्ध है।
मांग और आपूर्ति के बीच भारी अंतर होने से किसानों को खाद के लिए सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि समितियों में डीएपी खाद की खेप पहुंचते ही हाथोंहाथ बिक जाती है। कई किसानों को अपनी जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रहा है, जिससे बुवाई का काम प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। डीएपी खाद की कमी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति शृंखला में आ रही बाधाओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है। डीएपी के उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से फॉस्फेटिक उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं, खेती में उर्वरकों की लगातार बढ़ती मांग ने भी उपलब्ध स्टॉक पर दबाव बढ़ा दिया है। ऐसे में बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को डीएपी के बजाय दूसरे उर्वरकों के विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।
ऑनलाइन बुकिंग की योजना भी तकनीकी दिक्कतों में अटकी
DAP Fertilizer Crisis Rajasthan : किसानों को घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर खाद उपलब्ध कराने की योजना भी फिलहाल आगे नहीं बढ़ पाई है। सरकार ने इसी साल जून में पायलट प्रोजेक्ट के तहत राजसमंद और सिरोही जिलों में यह व्यवस्था शुरू की थी। खरीफ सीजन की बुवाई के दौरान किसानों को ऑनलाइन बुकिंग के जरिए खाद उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद इस व्यवस्था को प्रदेश के 20 जिलों में लागू करने की तैयारी थी, लेकिन आवेदन के लिए तैयार किए गए मोबाइल एप में तकनीकी समस्याएं आने से योजना ठप हो गई। नतीजतन, किसानों को एक बार फिर पुरानी व्यवस्था के तहत क्रय-विक्रय सहकारी समितियों में पहुंचकर आधार कार्ड दिखाने के बाद खाद लेना पड़ रहा है। Rajasthan Farmers Fertilizer Problem

देवगढ़ में सबसे ज्यादा डीएपी, राजसमंद दूसरे स्थान पर
DAP Fertilizer Stock Update ; जिले में ब्लॉकवार डीएपी खाद की उपलब्धता पर नजर डालें तो देवगढ़ में सबसे अधिक 105.70 मीट्रिक टन स्टॉक मौजूद है। वहीं राजसमंद में 50.10, रेलमगरा में 39.10, आमेट में 23.65 और भीम में 18.35 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है।
डीएपी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए कृषि विभाग की ओर से किसानों को इसके विकल्प के रूप में सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) और एनपीके उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी जा रही है। विभाग के अनुसार, किसान रबी फसलों की बुवाई के दौरान इन उर्वरकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा नैनो डीएपी भी एक विकल्प के रूप में उपलब्ध है। डीएपी की किल्लत के चलते अब एनपीकेएस, एसएसपी और यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की मांग में भी बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में किसानों की नजर अब खाद की नई खेप और उसकी नियमित आपूर्ति पर टिकी है। Rajasthan Rabi Crop Sowing



