
Rajasthan Railway Track Blast : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने इस मामले में पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थे और रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए उन्हें 30 हजार रुपए दिए गए थे।
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, गिरफ्तार महिला महकदीप कौर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थी। 3 नवंबर की रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर श्रीगंगानगर में 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। खास बात यह रही कि धमाके से करीब आधा घंटे पहले ही इस ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी। घटना के बाद करीब 10 घंटे तक इस रेलमार्ग पर यातायात बंद रहा था। एटीएस अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी एजेंट शाह के संपर्क में गुरदासपुर के दोस्तपुर की रहने वाली 21 वर्षीय महकदीप कौर थी। महकदीप अपने साथी 23 वर्षीय दविन्दर सिंह निवासी चौड़ा कलां, गुरदासपुर के साथ राजस्थान आई थी।जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों आरोपियों को शुरुआत में बिना किसी सामान के राजस्थान भेजा था। यहां पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से आईईडी का पैकेट मिला था। आरोप है कि इसी पैकेट का इस्तेमाल रेलवे ट्रैक पर धमाके के लिए किया गया।
तीन बार राजस्थान आए आरोपी, तीसरी कोशिश में हुआ धमाका
Sri Ganganagar Railway Blast :’ पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश को अंजाम देने के लिए दो बार पहले भी श्रीगंगानगर आ चुके थे, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। आरोपी पहली बार 6 अक्टूबर को राजस्थान पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों की रेकी की, लेकिन धमाके को अंजाम नहीं दे पाए। इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोबारा राजस्थान आए और रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक पैकेट लगाया, लेकिन उसमें धमाका नहीं हुआ। इसके बाद 3 नवंबर को दोनों फिर राजस्थान पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक पैकेट लगाया। इसी बार धमाका हो गया। घटना में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा और पटरियों के बीच गड्ढा हो गया, जबकि दो स्लीपर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

आरोपियों के मोबाइल से मिले अहम सुराग
Railway Track Bomb Blast : एटीएस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी एजेंट की ओर से दिए गए 30 हजार रुपए भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच शुरू की है। शुरुआती जांच में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम इनपुट मिले हैं। एजेंसियां अब मोबाइल में मौजूद जानकारियों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। Davinder Singh Arrest News
केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद हुई गिरफ्तारी
Mahakdeep Kaur Arrest News : एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के आधार पर टीमों ने पंजाब में कार्रवाई की। इस अभियान में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी तथा एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेन्द्र सिंह की टीमें शामिल रहीं। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को ट्रेस किया गया। जांच के दौरान उनकी लोकेशन गुरदासपुर में मिली, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए महकदीप कौर और दविन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल एटीएस और अन्य जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। साथ ही पाकिस्तानी एजेंटों से उनके संपर्क, आर्थिक लेन-देन और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।



