
राजसमंद : Rajsamand Gang War News : वर्चस्व की लड़ाई में सोशल मीडिया पर गैंग चलाकर बदमाशों द्वारा हथियारों का प्रदर्शन करने का मामले लगातार सामने आ रहे हैं। केलवाड़ा थाना क्षेत्र में लाला इलेवन, मसाला गैंग और रावण ग्रुप जैसी कई गैंग सक्रिय हैं, जो सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं और नाबालिगों को अपराध की दुनिया में धकेल रही हैं। ये ग्रुप आपस में वर्चस्व स्थापित करने के लिए हत्या जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। हाल ही में केलवाड़ा के खैरान काठी की भागल में युवक पर हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, इस पूरे अपराध के पीछे सोशल मीडिया पर बनी इन गैंग्स की पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी है। पुलिस अब इन बदमाशों के खिलाफ निगरानी बढ़ा रही है।
दो गुटों में लंबे समय से संघर्ष
Lala Eleven Gang Rajsamand : नाथद्वारा पुलिस ने लाला इलेवन गैंग और गोगुंदा क्षेत्र की मसाला गैंग के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। दोनों गैंग के बीच पहले भी कई बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। इसी रंजिश के तहत नाथद्वारा धायला तिराहे के पास गश्त के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर काडा का तालाब, राजनगर निवासी राजूसिंह पुत्र वसनसिंह खरवड़ को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का संबंध लाला इलेवन गैंग से है और उसके खिलाफ राजसमंद तथा उदयपुर जिलों में फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
Masala Gang Kelwara : सोशल मीडिया पर सक्रिय इन गैंग्स में नाबालिग बच्चे हथियारों के साथ तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं और अपराध की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। गैंग के सदस्य सोशल मीडिया पर कमेंट्स बाजी करते हैं और फिर आपस में भिड़ जाते हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर सक्रिय गैंग्स के खिलाफ कार्रवाई जारी है। हाल ही में कांकरोली की माहिद गैंग पर कार्रवाई की गई थी। अब केलवाड़ा सहित पूरे जिले में ऐसी गैंग्स को चिह्नित कर उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खमनोर थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखते हुए 19 मई को “लाला इलेवन गैंग” का प्रचार-प्रसार करने वाले युवक पिंकू उर्फ पंकज पुत्र गहारी लाल नागदा (20) निवासी ढाढ़वा की भागल, झालों की मदार को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। खमनोर पुलिस ने इससे पहले भी इसी गैंग का सोशल मीडिया पर महिमा मंडन करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को पप्पू पुत्र तुलसीराम प्रजापत (21) निवासी झालों की मदार को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला कारागृह राजसमंद भेजा गया था।

सभी गैंग्स पर होगी सख्त कार्रवाई
Rajsamand Crime News Today : सोशल मीडिया पर जो भी गैंग सक्रिय हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है। हाल ही में कांकरोली की माहिद गैंग पर कार्रवाई की गई थी। केलवाड़ा सहित जिलेभर में ऐसी सभी गैंग्स पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत कलाल, एसपी राजसमंद
गांवगुड़ा हत्याकांड से जुड़ी रंजिश
केस 1: 6 जनवरी 2026 को गांवगुड़ा में दिनदहाड़े हिम्मतसिंह की तलवारों से काटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले के आरोपी बाद में केलवाड़ा थाने में सरेंडर हुए थे। इस घटना के बाद भी गैंग के सदस्यों द्वारा पीड़ित परिवार के लोगों को धमकाने की शिकायतें सामने आई थीं। पुलिस का मानना है कि हालिया वारदात और गिरफ्तारियां इसी पुरानी रंजिश का हिस्सा हैं।
केस 2: पुलिस की जांच में सामने आया है कि हाल ही में अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी राजूसिंह और गांवगुड़ा हत्याकांड का मृतक हिम्मतसिंह, दोनों ही लाला इलेवन गैंग से जुड़े रहे हैं। इसी वजह से विरोधी मसाला गैंग के साथ इनकी रंजिश लगातार गहरी होती चली गई।
सोशल मीडिया पर गैंग्स का बढ़ रहा ट्रेंड
Nathdwara Gang Rivalry : पिछले कुछ समय से युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर अलग-अलग नाम से ग्रुप बनाकर गैंग चलाने का चलन तेजी से बढ़ा है। लाला इलेवन और मसाला गैंग जैसे नामों से सोशल मीडिया पेज बनाकर ये बदमाश हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट करते हैं। इन तस्वीरों को देखकर कम उम्र के लड़के प्रभावित होते हैं और अनजाने में अपराध की दुनिया का हिस्सा बन जाते हैं।



