
राजसमंद। Rising Stars of Rajsamand 2026 : किरण माहेश्वरी स्मृति मंच द्वारा आयोजित “राइजिंग स्टार्स ऑफ राजसमंद – प्रतिभा सम्मान समारोह” के पंचम संस्करण में जिले की प्रतिभाओं का भव्य सम्मान किया गया। समारोह में 1572 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, वहीं बड़ी संख्या में अभिभावकों और शिक्षकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के साथ सेल्फी लेने को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
Rajsamand Talent Felicitation Ceremony : कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं स्वर्गीय किरण माहेश्वरी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह के प्रारंभ में योग विशारद शैलेश चोरड़िया ने विद्यार्थियों को एकाग्रता, मानसिक सक्रियता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने के लिए विभिन्न योग एवं ध्यान संबंधी अभ्यास करवाए। इन अभ्यासों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। इसके बाद गायत्री पब्लिक स्कूल, धोईन्दा के विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा की संगीतमय प्रस्तुति दी। भक्ति और संगीत से सराबोर इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। स्वागत उद्बोधन में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा कि इस वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह में 1572 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संख्या जिले के युवाओं में शिक्षा, उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रतिभा विकास के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा का सम्मान केवल उपलब्धियों को पहचान देने का माध्यम नहीं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का सशक्त मंच है।

असफलता नहीं, सफलता की सीढ़ी है संघर्ष

Deepti Kiran Maheshwari News : दीप्ति किरण माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर विद्यार्थी को अपनी क्षमता और मेहनत पर विश्वास रखना चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों और बोध कथाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और भविष्य में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक तथा नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।
अरुण सिंह ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

Arun Singh Rajsamand Program : कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने स्वर्गीय किरण माहेश्वरी को एक संवेदनशील, जनहितैषी और कर्मठ जननेत्री बताते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी की सराहना करते हुए कहा कि वे अपनी माता द्वारा स्थापित सेवा, संवेदनशीलता और जनसमर्पण की परंपरा को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही हैं। अरुण सिंह ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल तकनीक तथा नवाचार के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन आत्ममंथन करने, माता-पिता का सम्मान करने और पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
‘अक्षय किरण’ के नए अंक का हुआ विमोचन

Kiran Maheshwari Smriti Manch Event : समारोह के दौरान स्वर्गीय किरण माहेश्वरी द्वारा स्थापित पत्रिका ‘अक्षय किरण’ के नवीन अंक का विमोचन भी किया गया। अतिथियों ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कई अतिथि रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा एवं राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल तथा पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक सम्माननीय अतिथियों के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। किरण माहेश्वरी स्मृति मंच के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह एवं महासचिव गोविंद दीक्षित ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की सफलता के लिए आभार व्यक्त किया।
दीप्ति माहेश्वरी के साथ सेल्फी लेने की रही होड़

समारोह के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम समाप्त होने तक बड़ी संख्या में लोग उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आए। यह उनकी लोकप्रियता और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क का प्रतीक रहा।



