
Hindustan Zinc Summer Camp : हिन्दुस्तान जिंक द्वारा संचालित शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर इस वर्ष भी विद्यार्थियों के लिए सीखने और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। राजस्थान के छह जिलों में आयोजित इन शिविरों में 1600 से अधिक विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविरों में विद्यार्थियों को अंग्रेजी, गणित और विज्ञान विषयों में दक्ष बनाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविरों में शामिल बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाला उत्साह और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि उन्हें यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पारिवारिक वातावरण भी मिल रहा है। शिक्षक विद्यार्थियों को अभिभावकों जैसा मार्गदर्शन दे रहे हैं, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ रही है और उनका आत्मविश्वास भी मजबूत हो रहा है। Hindustan Zinc Summer Camp हिन्दुस्तान जिंक के शिक्षा संबल कार्यक्रम के अंतर्गत उदयपुर, सलूम्बर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और अजमेर जिलों के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी प्रशिक्षण शिविरों में भाग ले रहे हैं। यहां विज्ञान, गणित और अंग्रेजी के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, बौद्धिक प्रतियोगिताओं और शारीरिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों की भागीदारी और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा संबल कार्यक्रम के तहत 9वें ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। हिन्दुस्तान जिंक राजपुरा-दरीबा कॉम्प्लेक्स की ओर से डीएवी हिन्दुस्तान जिंक विद्यालय, दरीबा में शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय प्रधानाचार्यों और हिन्दुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आवासीय शिविरों में आधुनिक तकनीक से पढ़ाई
Hindustan Zinc Shiksha Sambal Summer Camp 2026 : विद्या भवन सोसायटी, उदयपुर के सहयोग से आयोजित 9वें आवासीय ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ विद्या भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। 20 मई से 19 जून 2026 तक चलने वाले इस शिविर में 340 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के लिए विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इस वर्ष चंदेरिया, दरीबा, देबारी, कायड़, आगूचा और जावर में आयोजित गैर-आवासीय शिविरों में लगभग 1200 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जबकि उदयपुर में आयोजित तीन आवासीय शिविरों में विभिन्न क्षेत्रों से आए 340 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
रोबोटिक्स, पॉटरी और डिजिटल कक्षाओं का समावेश

Rajasthan Education Summer Camp 2026 : शिविरों की खास बात यह है कि इस बार विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से भी जोड़ा गया है। डिजिटल क्लासरूम, ऑडियो-विजुअल शिक्षण सामग्री, हैंड्स-ऑन गतिविधियां, मिट्टी कला, पॉटरी, वेस्ट मटेरियल से क्रिएटिव निर्माण और रोबोटिक्स जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को और अधिक रोचक बना रही हैं।
20 वर्षों से ग्रामीण शिक्षा को मिल रहा सहयोग
Rural Education Initiative Rajasthan : हिन्दुस्तान जिंक पिछले दो दशकों से शिक्षा संबल कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर रहा है। विशेष रूप से उन सरकारी विद्यालयों में जहां विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों के शिक्षकों की कमी है, वहां इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
शिक्षा के साथ भविष्य निर्माण की पहल
Hindustan Zinc CSR Education Project : करीब 10 वर्ष पहले प्रयोगात्मक रूप से शुरू किए गए इस ग्रीष्मकालीन आवासीय शिविर की सफलता आज विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और बेहतर शैक्षणिक परिणामों के रूप में दिखाई दे रही है। शिक्षा संबल कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई को मजबूत कर रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



