
Rajasthan Road Accident : कोटा। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब 1 बजे कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में दो बच्चों सहित 9 लोगों की जान चली गई, जबकि ट्रक चालक समेत 7 लोग घायल हुए हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों और घायलों को वाहन से बाहर निकाला और न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के धुले के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। क्रूजर में एक परिवार के 15 सदस्य सवार थे। परिवार के कुल 36 सदस्य मंगलवार को तीन अलग-अलग वाहनों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए शनिवार सुबह करीब 11 बजे खाटूश्यामजी पहुंचे थे। दर्शन के बाद परिवार वापस महाराष्ट्र लौट रहा था।

हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
Kota Road Accident Today : हादसे में सज्जन पवार (62) और उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75) और उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटे कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और सानवी (3) की मौत हुई है। सज्जन और बाबूलाल आपस में भाई थे। सानवी सज्जन की पोती और माधवी उनकी बहू थी। कैलाश सैलून का व्यवसाय करता था। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि महिला माधवी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। घायलों में मनीषा की हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
9 People Killed in Kota Accident : हादसे की सूचना मिलने पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू करवाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रूजर चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकराने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। परिवार की दूसरी गाड़ी में सवार एक महिला ने बताया कि सभी लोग मंगलवार को महाराष्ट्र से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। तीन वाहनों में कुल 36 रिश्तेदार यात्रा कर रहे थे। शनिवार रात करीब 1:15 बजे हादसे की सूचना फोन पर मिली। उस समय उनकी गाड़ी दुर्घटनास्थल से करीब 50 किलोमीटर दूर थी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां कई लोग घायल थे और कुछ की मौत हो चुकी थी। परिवार के पीछे चल रही गाड़ी में सवार प्रदीप के अनुसार, शनिवार रात जयपुर में करीब 10:30 बजे सभी ने खाना खाया था। इसके बाद रात 11 बजे वे जयपुर से रवाना हुए। दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर सबसे आगे चल रही थी और अन्य वाहन उसके पीछे थे। रात करीब 1 बजे उनकी भांजी का फोन आया और उसने हादसे की जानकारी के साथ लोकेशन भेजी। उस समय वे करीब 45 किलोमीटर दूर थे।
ट्रक चालक ने भी सुनाई हादसे की कहानी
Cruiser Vehicle Truck Collision Kota : हादसे में खंडवा, मध्यप्रदेश निवासी ट्रक चालक हारून (43) भी घायल हुआ है। उसने बताया कि ट्रक में कुछ खराबी आने के कारण उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर जांच शुरू की थी। वह ट्रक से थोड़ी दूरी पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार क्रूजर ने उसे टक्कर मारते हुए ट्रक में घुस गई। टक्कर के बाद वह करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा। लगभग 10 मिनट बाद उसे होश आया। इसके बाद उसने पुलिस और एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी। उसके घुटनों और सिर में चोट लगी है।
ये लोग हुए घायल
Rajasthan Highway Accident News : हादसे में क्रूजर सवार जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) घायल हुए हैं। घायलों का कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार जारी है। एसडीएम कपिल शर्मा ने बताया कि सभी मृतकों का पोस्टमॉर्टम करवा लिया गया है। कोटा प्रशासन की ओर से नौ मृतकों के शव महाराष्ट्र भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से कोटा सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया।



