
Falna fire accident news : पाली। राजस्थान के पाली जिले के फालना में रविवार रात एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां कॉस्मेटिक्स की दुकान में पटाखों के कारण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया (68) की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनके पति और दुकान मालिक प्रकाश पूनमिया (70) आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। दोनों को बचाने के प्रयास में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) भी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। आग पर रात करीब 2 बजे तक काबू पाया जा सका, जबकि राहत एवं बचाव कार्य सोमवार सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा।
councillor Usha Poonamia death : स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की चपेट में आई तीनों दुकानें दोनों भाइयों की थीं। रविवार रात प्रकाश पूनमिया ने दुकान के बाहर बिक्री के लिए पटाखे सजाकर रखे हुए थे। इसी दौरान पटाखों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि दमकल विभाग के पास पर्याप्त कर्मचारी और संसाधन होते तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था और इतना बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सकता था। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों की दुकानें काफी पुरानी थीं और जिस स्थान पर ये स्थित हैं, वह शहर का बेहद व्यस्त एवं भीड़भाड़ वाला इलाका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों की ओर से डाला गया पानी दुकानों के बेसमेंट में भर गया था। सोमवार सुबह जब रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बेसमेंट की जांच की गई तो पार्षद ऊषा पूनमिया का शव पानी में डूबा हुआ मिला।
पत्नी को बचाने के लिए पति ने लगाई जान की बाजी
Falna fire accident due to firecrackers : फालना थानाधिकारी पन्नालाल के अनुसार, प्रकाश पूनमिया और उनके भाई गौतम पूनमिया की दुकानें स्वर्ण मंदिर के पास स्थित हैं। रविवार रात करीब 10:30 बजे सड़क पर कुछ लोग पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे की चिंगारी दुकान के बाहर बिक्री के लिए रखे पटाखों पर जा गिरी। चिंगारी गिरते ही पटाखों में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग पूरी दुकान में फैल गई। दुकान के पास मौजूद पार्षद ऊषा पूनमिया घबराकर जान बचाने के लिए बेसमेंट में चली गईं। हालांकि, कुछ ही देर में बेसमेंट में धुआं भर गया, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके पति प्रकाश पूनमिया आग की चपेट में आ गए और दुकान के भीतर ही जिंदा जल गए। पत्नी और भाई को बचाने की कोशिश में गौतम पूनमिया भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

बड़े भाई ने भी अस्पताल में तोड़ा दम
Pali cosmetics shop fire latest news इस अग्निकांड में वार्ड संख्या 23 की पार्षद ऊषा पूनमिया के जेठ गौतम पूनमिया भी करीब 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। आग की लपटों से उनका चेहरा भी बुरी तरह झुलस गया था। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। वहां अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गौतम पूनमिया ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
Rajasthan fire accident three deaths पुलिस के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को इसे नियंत्रित करने में करीब तीन घंटे का समय लगा। दुकानों में रखा सामान काफी देर तक आग की तपिश से गर्म रहा। इस कारण राहत एवं बचाव दल को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह करीब 5 बजे दोनों शवों को बेसमेंट से बाहर निकाला जा सका। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सुमेरपुर, बाली, सादड़ी और रानी से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गई थीं।
दो दुकानें प्रकाश और एक बड़े भाई की थी
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया सितंबर महीने में तीसरी बार पार्षद चुनी गई थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूनमिया परिवार क्षेत्र का जाना-पहचाना परिवार है। आग की चपेट में आई तीनों दुकानें दोनों भाइयों की थीं। इन दुकानों में कॉस्मेटिक्स, प्लास्टिक आइटम और रेडियो-बैटरी का कारोबार होता था। इनमें से दो दुकानें प्रकाश पूनमिया की थीं, जबकि एक दुकान उनके बड़े भाई गौतम पूनमिया की थी। पटाखों से उठी एक चिंगारी ने देखते ही देखते खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी। इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस पार्षद, उनके पति और जेठ की मौत से पूरे फालना क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।



