
Rajsamand News : राजसमंद जिले के नाथद्वारा में एक भव्य गोशाला का निर्माण कार्य अब धरातल पर उतर चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला स्थानीय विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को रखी। इस गोशाला का निर्माण 2 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से होगा, जो नगर पालिका के सौजन्य से संचालित किया जाएगा।
विधायक विश्वराजसिंह मेवाड़ ने मंगलवार को नवीन गौशाल निर्माण के लिए फौज मोहल्ला स्थित नगर पालिका के काइन हाउस परिसर में भूमि पूजन किया। जहां विधायक मेवाड़ ने मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इस शुभ कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर नाथद्वारा के एसडीएम रक्षा पारीक, पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप काबरा, वर्तमान नगर अध्यक्ष प्रवीण जोशी, कोठारिया मंडल अध्यक्ष हर दयाल सिंह चौहान सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और आम नागरिक मौजूद रहे। गोशाला प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि यह नई गोशाला 7620 वर्ग फीट क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त इमारतें बनाई जाएंगी। इस परियोजना पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसमें गायों और बछड़ों के लिए आरामदायक आवास, चारा भंडारण कक्ष और स्वच्छता सुविधाएं शामिल होंगी। इस गोशाला का उद्देश्य क्षेत्र में आवारा गायों की समस्या को हल करना और उनके संरक्षण को बढ़ावा देना है।
Vishvraj Singh Mewar : कार्यक्रम के दौरान विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने काइन हाउस में बंधी गायों और बछड़ों को हरा चारा और पौष्टिक दलिया खिलाकर उनका पोषण सुनिश्चित किया। इस दौरान उन्होंने गायों के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली और गोशाला प्रबंधन से उनकी देखभाल के लिए सुझाव मांगे। इसके अलावा, उन्होंने वहां कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों से उनकी समस्याओं को सुना। कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग उठाई, जिस पर विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द ही इन मुद्दों का समाधान करने का आश्वासन दिया।
