
Rajasthan weather update today : राजस्थान में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि कई जिलों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लोगों को गर्म हवाओं और लू से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की चेतावनी दी है। वहीं, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज और कल हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा और कोटा समेत कई जिलों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा नीचे दर्ज किया गया। इसके बावजूद तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय बाजार और सड़कें अपेाकृत सुनसान नजर आईं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद गर्मी का असर कम महसूस नहीं हो रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। यहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लगातार दूसरे दिन यह जिला राजस्थान का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। इसके अलावा जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिला। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
इन जिलों में बारिश के आसार
Rajasthan ka Mosam : मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। आज और कल श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

24 मई के बाद और बढ़ेगी गर्मी
Rain Alert Today Rajasthan : मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 24 मई के बाद राजस्थान में हीटवेव और अधिक तीव्र हो सकती है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर कम निकलने, अधिक मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
बड़े शहरों का हाल
जयपुर में दिनभर लू का असर
Rajasthan heatwave alert 2026 : राजधानी जयपुर में गुरुवार को तेज धूप और लू का असर बना रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण दिन में ट्रैफिक कम दिखाई दिया, जबकि शाम को लोगों की आवाजाही बढ़ी।
उदयपुर में सुबह से महसूस हुई तपिश
लेकसिटी उदयपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान नजर आए। धूप से बचने के लिए लोग छाते और कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए।
कोटा में इंसानों के साथ जानवर भी परेशान
Rajasthan storm and rain forecast : कोटा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज गर्मी का असर इंसानों के साथ जानवरों पर भी देखने को मिला। अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में वनकर्मी जानवरों पर पानी का छिड़काव कर उन्हें राहत पहुंचाने में जुटे रहे।
सीकर और अलवर में दोपहर में सुनसान रहीं सड़कें
सीकर और अलवर में भी गर्म हवाओं और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आईं। सीकर में तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलवर में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया।
जोधपुर में बढ़ेगी उमस और गर्मी
जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा हीटवेव का असर तेज रहने की संभावना है।



