
Rajsamand murder case : राजसमंद। शहर के कांकरोली थाना क्षेत्र में जलचक्की के पास सलूस रोड पर बुधवार रात एक युवक की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर लाठियों के साथ लात-घूंसों से भी ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को डिटेन किया है, जिनकी पहचान दिलशान और इलियास के रूप में हुई है। दोनों राजनगर और कांकरोली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश सिंह उर्फ सुरेंद्र सिंह निवासी गजसिंह की भागल, थाना चारभुजा के रूप में हुई है। बुधवार रात सलूस रोड पर युवक पर हमला किया गया, जिसमें उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद शव को राजसमंद के आरके जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और हमलावरों के बीच पहले भी विवाद और झड़प हो चुकी थी। बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक पर लाठियों से हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई के कारण युवक की मौत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
Youth killed in Rajsamand : वारदात की सूचना मिलते ही कांकरोली और राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। मौके पर एमओबी टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और डीएसपी नेत्रपाल सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
दो आरोपी डिटेन, अन्य की तलाश जारी
Rajsamand crime news : डीएसपी नेत्रपाल सिंह के अनुसार मामले में दिलशान और इलियास को डिटेन किया गया है। दोनों आरोपी क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर वारदात के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।
दीपावली से पहले शहर में दहशत का माहौल
Rajsamand violent attack news : दीपावली से ठीक पहले शहर के व्यस्त क्षेत्र में सरेआम युवक की हत्या से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद सलूस रोड सहित कांकरोली क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वारदात में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। Kankroli crime news today



