
भीम : Cloth Store theft : शहर के व्यस्त सब्जीमंडी मार्ग स्थित लक्षकार क्लॉथ स्टोर में रविवार तड़के छह नकाबपोश बदमाशों ने शटर तोड़कर 1.65 लाख रुपए नकद चुरा लिए। दो मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने लोहे के सरिए से शटर तोड़ा और सीधे गल्ले तक पहुंचकर नकदी समेट ली। दुकान में 50 लाख रुपए से अधिक कीमत का कपड़ा रखा था, लेकिन बदमाशों ने उसे हाथ तक नहीं लगाया। वारदात सुबह करीब चार बजे की है। सुबह छह बजे टहलने निकले लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा तो मालिक को सूचना दी।
Rajsamand Bhim market theft news : दुकान मालिक पवन लक्षकार ने बताया कि शनिवार को बैंक बंद होने के कारण व्यापारियों को भुगतान के लिए रखी नकदी जमा नहीं हो सकी थी। रुपए दुकान में आए थे, जिन्हें सुरक्षित मानकर गल्ले में ही छोड़ दिया था। उसी रात चोरी हो गई। दुकान में करीब 50 लाख रुपए से अधिक कीमत का कपड़ा मौजूद था, लेकिन बदमाश केवल नकदी लेकर फरार हुए। सभी छह आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढक रखे थे और कंबल ओढ़े हुए थे। दुकान के अंदर और बाहर लगे चार सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों के आने, शटर तोड़ने और गल्ले से नकदी निकालने की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलने पर कपड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष अशोक सामरा, पंकज दक और धीरज टांक सहित कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चोरी और नकबजनी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों के आने-जाने का रास्ता पता लगाने के लिए आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। सीसीटीवी तकनीशियन जितेंद्रसिंह के अनुसार, फुटेज के आधार पर बदमाशों और उनके वाहनों के नंबरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। Rajsamand Police

पहले भी हो चुकी हैं वारदातें, अब दुकानों पर जालीदार गेट लगाने की तैयारी
Lakshkar Cloth Store Bhim : मुख्य बाजार में पहले भी चोरी और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब एक साल पहले फौजी की कार का कांच तोड़कर दो बदमाश 10 लाख रुपए ले गए थे। इसके अलावा एटीएम लूट और ज्वेलरी शोरूम से महिलाओं द्वारा गहने छिपाकर ले जाने के मामले भी सामने आ चुके हैं। लगातार घटनाओं से व्यापारियों में चिंता है। अब वे दुकानों के शटर के आगे जालीदार गेट लगवाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि चोरों को दोनों अवरोध तोड़ने में समय लगे और पुलिस गश्त दल को मौके पर पहुंचने का अवसर मिल सके।
इनका कहना है
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।
दिलीपकुमार, थानाधिकारी, भीम



