
रेलमगरा। Solar Plant Robbery : पनोतिया स्थित सोलर प्लांट में करीब एक महीने पहले गार्डों को बंधक बनाकर की गई डकैती और तोड़फोड़ की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 7 मुख्य आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल 16 अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 467 किलो चोरी का तांबा बरामद किया है। वारदात 12 सितंबर की रात हुई थी। उस रात 18 से 20 हथियारबंद बदमाश सोलर प्लांट में घुसे थे। बदमाशों ने पहले ड्यूटी पर तैनात गार्डों को बंधक बनाया और इसके बाद प्लांट में जमकर तोड़फोड़ की। ट्रांसफार्मर, डीपी और मशीनरी को नुकसान पहुंचाने के साथ बदमाश कॉपर वायर और डीसी केबल भी चोरी कर ले गए। इस पूरी वारदात में करीब 40 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। थानाधिकारी प्रवीणसिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मामले के खुलासे के लिए उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और राजसमंद जिले के कई इलाकों में लगातार दबिश दी। रेलमगरा, गिलुंड, पोटला, गंगापुर, राशमी, कपासन, मावली, मंगलवाड़ और खेरोदा सहित विभिन्न स्थानों पर लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को संदिग्ध रमेश उर्फ रामा का सुराग मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने कपासन निवासी राजू कालबेलिया सहित अन्य साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई और गिरफ्तारियां कीं।
कपासन निवासी राजू को बताया गिरोह का सरगना
Panotiya Solar Plant Robbery : पुलिस जांच में सामने आया कि कपासन निवासी राजू कालबेलिया गिरोह का सरगना है। गिरोह का एक सदस्य दिन के समय फेरी लगाने के बहाने सुनसान इलाकों में बने सोलर प्लांटों की रेकी करता था। वह प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था, गार्डों की तैनाती और अन्य जरूरी जानकारी जुटाकर गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाता था। जानकारी मिलने के बाद राजू अपने साथियों को एकत्र करता था। वारदात से पहले प्लांट से कुछ दूरी पर बैठक कर सभी आरोपियों की भूमिका तय की जाती थी। इसके बाद मौका देखकर रात में सोलर प्लांट को निशाना बनाया जाता था।
चोरी का तांबा 1200 रुपए किलो में बेचते थे
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद चोरी किया गया तांबा कपासन में राजू के घर ले जाया जाता था। वहां से इसे स्क्रैप के रूप में कबाड़ी रईस पठान को 1200 रुपए प्रति किलो की दर से बेच दिया जाता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के माल की पूरी सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ कर रही है।

चाकू दिखाकर गार्डों को बनाया था बंधक
Railmagra Solar Plant Theft Case : परिवादी भवानी मेवाड़ा की रिपोर्ट के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 1 बजे बदमाश पनोतिया स्थित सोलर प्लांट में घुसे थे। उस समय ड्यूटी पर तैनात गार्ड शैतानसिंह और शोभागसिंह को बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर हाथ बांध दिए और दोनों को बंधक बना लिया। बदमाश करीब रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक प्लांट में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफार्मर, डीपी और अन्य मशीनरी में तोड़फोड़ की। इसके बाद भारी मात्रा में कॉपर वायर और डीसी केबल निकाले और उन्हें बाइकों पर लादकर मौके से फरार हो गए।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
Solar Plant Robbery Rajsamand : पुलिस ने कालबेलिया बस्ती, नारसिंह माताजी मंदिर के पास मड़िकपुरा, थाना खेरोदा उदयपुर निवासी विनोद (34) पुत्र मोहनलाल कालबेलिया, लालूराम (24) पुत्र घासी कालबेलिया; गाडरी खेड़ा, कोशीथल, थाना रायपुर भीलवाड़ा निवासी रमेश उर्फ रामा (23) पुत्र मूलचंद भील; भोलानाथ मंदिर के पास कुचौली, थाना नाथद्वारा निवासी लक्ष्मणनाथ (25) पुत्र हजारीनाथ कालबेलिया; पीपरड़ा भट्टा, थाना राजनगर निवासी गोविंद (27) पुत्र शंकरनाथ कालबेलिया; जूणदा की खेड़ी, थाना कुंवारियां निवासी राजू (26) पुत्र शंकरनाथ कालबेलिया तथा बाण माता मंदिर के पास शिशोदा निवासी किशननाथ (25) पुत्र भेरा कालबेलिया को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं, गर्ग मोहल्ला खेरोदा, उदयपुर निवासी रईस खान (47) पुत्र मून्ना खां पठान को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले में 16 अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।



